ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम जामुनधानां कलां में जलनिगम के ट्रांसफार्मर पर काम करने के दौरान करंट लगने से आहत ग्राम चीराकोड़र निवासी लाइनमैन की ग्वालियर में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन उसके शव को ललितपुर जिला अस्पताल ले आए।
थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम चीराकोड़र निवासी रतीराम (40) पुत्र मल्थू कुशवाहा पाली बिजली सब स्टेशन के धौर्रा फीडर पर तैनात था। 23 नवंबर को वह ग्राम जामुनधानाकलां में जल निगम के लिए लगे ट्रांसफार्मर पर हाइटेंशन लाइन का काम कर रहा था। उसने इसके लिए शटडाउन भी ले रखा था। लेकिन इसी दौरान अचानक बिजली आ गई और वह गंभीर रूप से झुलस गया। जिस पर ग्रामीण उसे पास के गांव जाखलौन में निजी चिकित्सालय में ले गए, इसके बाद वहां पहुंचे साथी कर्मचारियों ने उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उसे झांसी मेडिकल कॉलेज और वहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया, जहां शुक्रवार की देर रात को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। जिस पर परिजन उसे वापस ललितपुर में जिला अस्पताल ले आए।
मृतक के भतीजे भागीरथ ने बताया कि उसके चाचा करीब साढ़े 11 साल से संविदा पर लाइनमैन के पद पर काम कर रहे थे। विभाग की लापरवाही की वजह से यह घटना घटित हुई है। मृतक के तीन बेटे हैं और वह चार भाइयों में सबसे छोटा था।