ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम पिपरिया वंशा में घर में उपले उठाने के दौरान सांप के काटने से एक महिला की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जाखलौन के ग्राम पिपरिया वंशा निवासी कुसुम (40) पत्नी वृंदावन मंगलवार की दोपहर बारह बजे घर में ही एक कमरे में रखे गोबर से बने उपले उठा रही थी। इसी दौरान उपले पर बैठे सांप से उसे डस लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यह देख परिजन पहले तो उसे झाड़फूंक के लिए गांव व आसपास ले गए, लेकिन जब उसकी हालत अधिक बिगड़ गई, तो परिजन उसे शाम को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।