डोंगराखुर्द/ललितपुर। बारिश थमने के बाद भी लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही है। इसकी वजह जगह-जगह सड़कों पर अब भी बारिश का पानी भरा हुआ है। जिस कारण गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों पर वाहन आए दिन फंस रहे हैं। ऐसा ही कुछ हाल पिपरट से नेशनल हाइवे गौना को जोड़ने वाला मार्ग हो गया है।
तहसील क्षेत्र मड़ावरा के पिपरट गांव से नेशनल हाईवे गौना तक का सफर इन दिनों जोखिम भरा साबित हो रहा है। मार्ग में गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरा हुआ है जो अब हादसों को न्योता दे रहे हैं। हाल में हुई बरसात में घुटनों तक गड्ढों में पानी भरा हुआ है। इस मार्ग पर आए दिन बाइक सवार गिरकर चुटहिल हो जाते हैं, साथ ही वाहन क्रॉसिंग के समय फंस रहे हैं। ऐसे में घंटों तक जाम लग जाता है। इस मार्ग पर प्रतिदिन करीब सैकड़ों वाहन आते-जाते हैं। इसी मार्ग पर ललितपुर से जामनीबांध तक प्राइवेट बसों का भी संचालन होता है। इस मार्ग से लगभग दो दर्जन से अधिक गांव का जुड़ाव है। इसमें तहसील मड़ावरा, मदनपुर, धौरीसागर, गिरार, मध्यप्रदेश के बंडा तक व नेशनल हाइवे गौना तक पहुंचा जा सकता है। इसके बाद भी जिम्मेदार इस मार्ग की बदहाल अवस्था पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीते छह माह पूर्व गोना से दिगवार तक मरम्मत का काम हुआ था, उस दौरान गड्ढों में सूखी गिट्टी और मिट्टी के ऊपर डामरीकरण का कार्य पूर्ण कर दिया गया। बारिश होते ही सड़क की पूर्ववत स्थिति हो गई। ग्रामीणों ने एक बार पुन: मार्ग के मरम्मत की मांग की है। पिपरट से गौना तक का मार्ग लगभग पच्चीस किलोमीटर की दूरी का है। इस मार्ग पर कीचड़ ही कीचड़ है।
सड़क पर बड़े- बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिस कारण बस चलाने में दिक्कत होती है। -पूरन विश्वकर्मा, बस चालक।
गौना- पिपरट सड़क पूरी तरह से खस्ताहाल अवस्था में पहुंच गई है। इस सड़क को टू-लाइन बनना चाहिए। - मोनू दुबे ग्रामीण।
इस सड़क पर जगह-जगह पर उभरे गड्ढे राहगीरों के लिए सफर चुनौतीपूर्ण हो गया है।- अवतार दुबे।
दस किलोमीटर दूरी तय करने में आधा घंटा से ज्यादा समय लग जाता है, साथ ही क्रासिंग करते समय जरा सी चूक हुई तो वाहन फंस भी जाता है। - रितिक कुमार।
विगत 6 साल से इसी मार्ग से प्रतिदिन मड़ावरा जाता हूं और रोज मेरी गाड़ी में खराब होती है। 30 मिनट के सफर के लिए 1 घंटे का वक्त लगता है। -राघवेन्द्र सोनी चिकित्सक
जामनीबांध सड़क पर डोंगराखुर्द नाराहट के बीच फंसा ट्रक व ट्रैक्टर- फोटो : LALITPUR
जामनी सड़क कट गई जगह-जगह- फोटो : LALITPUR