ललितपुर। रक्षाबंधन पर्व के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों घी, दूध, मिठाई में मिलावट रोकन के लिए महरौनी व ललितपुर में बुधवार को छापे मारे और घी, दूध, लड्डू व मावा के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए।
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को नगर पालिका कॉम्लेक्स स्थित अजिनेरिया दूध डेयरी के यहां छापे मारकर वहां भंडारित घी का नमूना संग्रहित किया। इसके उपरांत टीम द्वारा महरौनी स्थित मयंक जैन की दुकान का निरीक्षण किया, जहां बड़ी मात्रा में लड्डू बनते मिले। टीम ने यहां से लड्डू और मावा के नमूने संग्रहित किए। इसके बाद टीम द्वारा महरौनी स्थित पार्वती चिलिंग सेंटर से दूध के दो नमूने लिए गए और सभी नमूने जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेज दिए गए। अब जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। छापे मारने गई टीम में सहायक आयुक्त द्वितीय विनोद कुमार शर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कलामुद्दीन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन व नागेंद्र पटेल शामिल रहे।