ललितपुर। समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष तिलक सिंह यादव के छोटे भाई पुष्पेंद्र सिंह यादव को घर में ही बाहर के कमरे में सोते समय सोमवार की रात गोली मार दी गई। गोली उनके सिर में पीछे की ओर खोपड़ी में जाकर धंस गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए और पुष्पेंद्र को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी मिलने पर जाखलौन पुलिस के अलावा एसओजी, फौरेंसिक टीम व खुद पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर पूछताछ की। वहीं. जाखलौन पुलिस ने इस मामले में चार नामजद एवं दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना पाली के ग्राम राजगढ़, हाल सिविल लाइन ललितपुर निवासी लाखन सिंह ने जाखलौन थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते सोमवार की रात करीब दस बजे वह मोटरसाइकिल से अपने भांजे विनोद के साथ अपनी रिश्तेदारी ग्राम कपासी से वापस लौट रहे थे। जब वह थाना जाखलौन के ग्राम सैपुरा निवासी अपनी बुआ के लड़के पुष्पेंद्र सिंह यादव (48) के बगीचे वाले मकान के पास से निकले तो वहां फायर की आवाज आई और देखा कि पुष्पेंद्र के मकान के अंदर से बाउंड्री कूदकर ग्राम सैपुरा निवासी देवेंद्र हाल निवासी चांदमारी ललितपुर, ग्राम सैपुरा निवासी रामकुमार, महेश सिंह, ग्राम बारौद निवासी अरविंद लोधी एवं दो अज्ञात लोग भागते हुए दिखाई दी। जब उन्होंने ललकारा तो वह गालियां व धमकी देते हुए कहते गए कि पुष्पेंद्र को तो उन लोगों ने मार डाला, यदि उनका पीछा किया तो वह उन्हें भी जान से मार देंगे। जब वह मकान के अंदर गए तो देखा कि कमरे के अंदर पुष्पेंद्र मरणासन्न बेहोशी की हालत में पड़ा था और उसके सिर में खून बह रहा था। आसपास के लोगों की मदद से उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि पुष्पेंद्र के सिर में गोली धंसी है। हालत गंभीर है, इलाज चल रहा है। उसने बताया कि उसके भाई पुष्पेंद्र की पुरानी प्रधानी चुनाव की रंजिश चल रही है। जाखलौन पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ एक राय होकर जान से मारने के प्रयास, गाली गलौज कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
------
19 वर्ष पहले दो लोगों की हत्या पुष्पेंद्र को हो चुकी सजा
वर्ष 2002 में ग्राम सैपुरा निवासी कपूर यादव एवं महाराज यादव की हत्या में पुष्पेंद्र सिंह यादव आरोपी रहा है और उसे न्यायालय से सजा भी हो चुकी है, जो हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा चल रहा है।
----------
विपक्षियों से पुरानी रंजिश है। प्रधान के चुनाव में विपक्षी हार गए और पुष्पेंद्र जीत गए। पुष्पेंद्र कमरे में सो रहे थे। विपक्षियों ने खिड़की के बाहर से गोली मार दी है।
-तिलक यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष सपा।
--------
इनका कहना है-
जाखलौन के ग्राम सैपुरा निवासी पुष्पेंद्र यादव को गोली लगने का मामला सामने आया है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार चल रहा है। घटना स्थल का मौका मुआयना किया गया और पूछताछ की गई, इसमें यह बात सामने आई है कि जिन पर गोली मारने के आरोप हैं, उनसे पुष्पेंद्र की पुरानी रंजिश चल रही है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, चिकित्सीय रिपोर्ट व जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-निखिल पाठक, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर।
घटना का मुआयना करने पहुचे एसपी- फोटो : LALITPUR
घटना स्थ्ल- फोटो : LALITPUR