ललितपुर। जिले में रविवार की रात से सोमवार को दिनभर हुई बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है। अक्तूबर माह के दूसरे सप्ताह से रबी की दलहनी फसलों की बुवाई शुरू हो जाती है। ऐसे में किसान पलेवा देने की तैयारी कर रहे थे। बारिश से खेतों में पर्याप्त मात्रा में नमी आ गई है। अब किसान सीधे चना व मटर की बुवाई कर रहे हैं। इससे किसी भी प्रकार का किसानों को नुकसान नहीं पहुंचा है।
खरीफ की फसल की कटाई व मढ़ाई के बाद रबी फसलों की बुवाई का सीजन शुरू हो गया है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार रबी की फसलों में सबसे पहले दलहनी फसलों की बुवाई शुरू हो जाती है, जो 15 अक्तूबर से शुरू होकर अक्तूबर माह भर चलती है। किसान दलहनी फसलों की बुवाई के लिए पलेवा की तैयारी कर ही रहे कि बीते दिनों रविवार की रात्रि से हल्की बारिश शुरू हो गई, जो सोमवार को भी दिन भर चलती रही।
बारिश होने से दलहनी फसलों की बुवाई करने की तैयारी कर किसानों को अधिक फायदा हो गया। पलेवा में होने वाला डीजल व बिजली का खर्चा बच गया। इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह रहा कि पलेवा में अधिक समय लग जाता, लेकिन एक ही दिन में बारिश से खेतों में नमी आ गई और किसानों को पलेवा की आवश्यकता नहीं पड़ी। कृषि विशेषज्ञ डॉ. नितिन कुमार ने बताया कि बीते दिनों हुई बारिश से बुवाई के बाद बीज अंकुरित ठीक से हो जाएगा। फसलों की बुवाई भी समय से हो जाएगी।
बारिश से किसानों को हुआ फायदा
जिले में बीते दिन बारिश होने से किसानों को पलेवा की समस्या खत्म हो गई है। अब किसान समय से अपनी दलहनी फसलों की बुवाई कर सकेंगे। - राजीव कुमार भारती, जिला कृषि अधिकारी