ललितपुर। थाना बानपुर के अंतर्गत ग्राम गंगचारी में रात भर से गायब ग्रामीण का शव सोमवार की सुबह पेड़ पर लटका मिला था। इस मामले में परिजनों ने गांव के पांच लोगों पर हत्या के आरोप लगाते हुए घंटाघर पर शव रखकर जाम लगाया था। इस मामले में थाना बानपुर पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम गंगचारी निवासी आशीष सेन ने थाना बानपुर पुलिस में तहरीर देकर बताया कि वह इंदौर में फैक्टरी में काम करता है। गांव में उसकी मां पुक्खन व पिता रामपाल सेन रहते थे। पंचायत चुनाव के दौरान उसके पिता ने कृपाल सिंह के पक्ष में वोट नहीं दिए थे। इस कारण कृपाल सिंह, सुम्मेर सिह, सुरेंद्र राजपूत, रघुवीर सिह एवं जालम लोधी आए दिन उसके पिता को धमकी देते रहते थे कि उसने उन्हें वोट नहीं दिए, इसलिए वह हार गया है। वह इसी तरह उसे प्रताड़ित करते रहेंगे।
युवक का कहना है कि उसके पिता अक्सर उसकी मां को इन धमकियों के बारे में बताया करते थे और कहते थे कि वह इन लोगों की धमकियों से तंग आ चुका है। युवक का आरोप है कि इसी बात से तंग आकर 11 जुलाई की रात को उसके पिता घर से बाहर चले गए। सुबह गांव की महिलाएं निकलीं तो उसके पिता को शिवराज की मेड़ पर लगे बबूल के पेड़ पर लटका देखा। जिसकी सूचना महिलाओं द्वारा गांव आकर दी गई। उनके लोगों ने आकर देेेखा तो वह शव उसके पिता रामपाल सेन का था। पिता की जेब से एक पत्र भी निकला था।
थाना बानपुर पुलिस ने मामले में सभी पांचों आरोपियों कृपाल सिंह, सुम्मेर सिंह, सुरेंद्र राजपूत, रघुवीर एवं जालम के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।