ललितपुर। शहर में कई कच्ची गलियों में कीचड़ फैला हुआ है, जलभराव की समस्या बनी हुई है। इससे मच्छर पनप रहे हैं। इससे लोग आक्रोशित हैं, उनका कहना है कि इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
जनपद में संक्रामक बीमारियों की रोकथाम को लेकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें दस विभागों को अलग-अलग जिम्मेेदारियां दी गई हैं। इनमें शहर में जलभराव की रोकथाम के लिए नगर पालिका व ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत को जिम्मेदारी दी गई है। जलभराव के क्षेत्र में लार्वासाइड का स्प्रे करने के लिए निर्देश भी दिए हैं लेकिन 13 दिन बीतने के बाद भी अभियान का असर धरातल पर नजर नहीं आ रहा है।
यहां पर शहर के मोहल्ला पिसनारी में देहरे मंदिर के पास खाली प्लॉट में जलभराव हो रहा है। नालियों के अभाव में दूषित पानी रास्ते में जमा हो रहा है। इससे लोगों केे निकासी में परेशानी हो रही है। इसके साथ ही गंदगी जमा होने से दुर्गंध उठ रही है। इससे पास के लोगों को ठहरना मुश्किल हो रहा है। वहीं शहर के मोहल्ला तालाबपुरा से डेम कॉलोनी मार्ग में भी सड़क किनारे दूषित पानी ठहरा हुआ है। जहां पर कचरा होने से गंदगी भी पड़ी है। ऐसे में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। इसके बाद भी जिम्मेदार अनदेखा कर रहे हैं।