ललितपुर। जखौरा थाना क्षेत्र के गांव विनैकाटोरन में सात वर्षीय शिवम की हत्या के पीछे जो वजह निकलकर आ रही है वह यह है कि सौतेले बेटे शिवम से पिता का प्यार सुखवती को बर्दाश्त नहीं हो रहा था। पत्नी के इस बर्ताव पर गजेंद्र भी उससे नाखुश रहने लगा था। वह समय से बच्चे को खाना तक नहीं देती थी। हालात यहां तक बने कि गजेंद्र अपने साथ ही शिवम को खाना खिलाकर स्कूल व अपनी दुकान पर लेकर चला जाता था। शनिवार को वह जल्दी खेत पर चला गया तो पत्नी ने घटना को अंजाम दे दिया। मृतक शिवम की ताई रंजना का कहना है कि शिवम से ईर्ष्या के कारण सुखवती उसके कपड़े तक नहीं धोती थी।
गांव विनैकाटोरन निवासी ग्रामीण भगीरथ के तीन बेटों में गजेंद्र दूसरे नंबर का है। गजेंद्र के बड़े भाई करतार की पत्नी व मृतक शिवम की ताई रंजना ने बताया कि गजेंद्र दूसरी शादी के बाद अपने परिवार के साथ खुशी से दूसरे घर में रहने लगा था। दूसरी पत्नी सुखवती से एक बेटा होने के बाद सुखवती चाहती थी कि गजेंद्र घर में रहे तो उसके बेटे को ज्यादा प्यार करे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गजेंद्र शिवम पर अधिक ध्यान दे रहा था, इसी बात को लेकर उन दोनों में मतभेद शुरू हो गए। परिजनों के मुताबिक पिता के सामने तो सुखवती शिवम से कुछ नहीं कहती थी लेकिन उसके जाते ही वह शिवम से भेदभाव बरतने लगती थी। शिवम को खाना समय पर न देने की जानकारी होने पर गजेंद्र शिवम को अपने साथ ही खाना खिलाने लगा था। वह उसे दुकान व स्कूल साथ ले जाने लगा था। ताई रंजना के मुताबिक शिवम गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। वह पढ़ने-लिखने में तेज था इस वजह से पिता ने उसकी ट्यूशन भी लगा दी थी। उधर, पिता भागीरथ ने अपने तीन बेटे करतार, गजेंद्र और प्रमोद के बीच 20 एकड़ खेत का बंटवारा करते हुए एक एकड़ अपने पास रोक लिया था। परिजनों के मुताबिक सभी भाई अलग-अलग परिवार के साथ रह रहे थे जबकि पिता रिश्तेदारी में रहने लगा था। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शिवम का शव घर लाया गया तो परिजनों के साथ गांव के लोगों की भी आंखें भर आईं। देर शाम शिवम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद परिवार ही नहीं गांव में भी माहौल गमगीन है।
चार दिन से घर में खाना भी नहीं बना रही थी सुखवती
चचेरे भाई अरविंद ने बताया कि यह सिलसिला कुछ समय से चल रहा था, तभी किसी बात से नाराज होकर सुखवती ने घर पर खाना बनाना बंद कर दिया था। इससे गजेंद्र चार दिनों से जखौरा स्थित एक होटल पर जाकर खाना खाने लगा था। शनिवार को मौका पाते ही सुखवती ने शिवम से बदला ले लिया। परिजनों का आरोप है कि सुखवती ने घर के दूसरे हिस्से में स्थित कुएं में शिवम को फेंक दिया। इससे कुएं में डूबने से उसकी मौत हो गई।
---
जिस कुएं से पीते थे पानी, उसी से निकाला बेटे का शव, बेटे का चेहरा देख बेहोश हो गया पिता
परिजनों के मुताबिक गजेंद्र के मकान के दूसरे हिस्से में एक कुएं है, उसी में उसने मोटर लगा रखी है। जरूरत पर मोटर चलाकर पानी निकाल लेता है। बेटे का शव जब कुएं से निकाला गया तो बार-बार बेहोश हो रहा गजेंद्र यही कह रहा था कि उसे क्या मालूम था कि जिस कुएं का पानी वह लोग पी रहे हैं उसी कुएं से एक दिन बेटे का शव निकालना पड़ेगा। बेटे का शव देखते ही पिता अचेत हो गया। होश आने पर वह शिवम को ही पुकार रहा था।
---
पत्नी के खिलाफ दर्ज हुई हत्या की रिपोर्ट
मृतक शिवम के पिता गजेंद्र सिंह ने थाना जखौरा पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार को सुबह खेत पर पानी देने गया था। पहली पत्नी का सात वर्षीय बेटा शिवम घर पर सो रहा था। दोपहर बाद वह वापस आया तो बेटा घर पर नहीं मिला। मेरे लड़के शिवम को मेरी पत्नी सुखवती ने मारकर कु एं में फेंक दिया था। कुएं का पानी निकालने पर बेटे का शव मिला। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष जखौरा आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक शिवम का शव कुएं में मिलने पर पिता गजेंद्र ने तहरीर दे ही है। जिस पर दूसरी पत्नी सुखवती के खिलाफ हत्या करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
---
पांच वर्ष पूर्व हुई थी पहली पत्नी की मौत
गजेंद्र की पहली शादी वर्ष 2013 में विनैकामाफी गांव से लीलावती के साथ हुई थी। शादी के बाद वर्ष 2014 में पुत्र शिवम पैदा हुआ था। वर्ष 2017 में दूसरा बच्चा पैदा हुआ लेकिन प्रसव के दौरान लीलावती की मौत हो गई। परिजनों ने किसी तरह नवजात को संभाला लेकिन मां का दूध न मिलने के कारण 13 दिन बाद उसकी भी मौत हो गई।
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम विनैकाटोरन में गजेंद्र राजपूत के सात वर्षीय पुत्र के गायब होने पर दिन भर खोजबीन की, जब नहीं मिला तो घर के पीछे खेत पर बने कुएं का पानी निकलवाकर देखा गया तो बच्चे का शव मिला। दूसरी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। थाना पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक
इस कुआं में मिला शिवम का शव- फोटो : LALITPUR