ललितपुर/जाखलौन। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान पद की सीट बदलवाने को लेकर सियासत तेज हो गई है। कई ग्राम पंचायतों के लोग सीट मनमाफिक कराने के लिए अफसरों के पास चक्कर लगा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम आलापुर, अनौरा, कल्यानपुरा व पड़ना के लोगों ने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया है।
ग्राम आलापुर बिरधा निवासी शैलेंद्र सिंह बुंदेला ने ग्राम पंचायत प्रधान पद की सीट को अनारक्षित घोषित करवाने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रार्थनापत्र दिया है। इसमें बताया कि ग्राम पंचायत को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिया गया है, जबकि इसमें अनुसूचित जाति के लोगों की संख्या निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करती है। वर्तमान में 2021 के पंचायत चुनाव में इस पंचायत को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिया गया है। 2011 के पहले कुछ परिवार अनुसूचित जाति के अप्रवासी के रूप में इस गांव में निवास करने लगे थे, जिन्हें 2011 की जनगणना में शामिल कर लिया गया था, पर बाद में यह पुन: अपने मूल निवास ग्राम चौसा में वापस चले गए और वहां की मतदाता सूची में भी इनके नाम दर्ज हो गए। वर्तमान आरक्षण में दोनों स्थानों पर गांव की सूची में नाम दर्ज होने के कारण दोनों ग्राम पंचायतें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दी गई हैं। आलापुर में इन मतदाताओं की संख्या 117 बताई जा रही है, जबकि वास्तव में यहां पर इनकी संख्या पचास से भी कम है। उन्होंने अधिकारियों से मांग की है कि ऐरा आलापुर ग्राम पंचायत को जांच कर अनारक्षित घोषित किया जाए। इसी प्रकार ब्लाक बिरधा के ग्राम पंचायत पड़ना के लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर प्रधान की सीट सामान्य वर्ग में करने की मांग की है। वर्तमान में इसे पिछड़ा वर्ग में आरक्षित कर दिया गया है। प्रार्थनापत्र पर बुद्घ सिंह बुंदेला, कल्लू चौबे, प्रीतम सिंह, रामराजा, रामप्रसाद, अरविंद चौबे के हस्ताक्षर हैं। ग्राम कल्यानपुरा के लोगों ने प्रधान की सीट पिछड़ा वर्ग में आरक्षित करने की मांग की है। उन्होंने इसे अनुसूचित जाति महिला किए जाने पर अपनी आपत्ति लगाई है। प्रार्थना पत्र पर अक्षय साहू समेत अनेक लोगों के हस्ताक्षर हैं। ग्राम पंचायत अनौरा के संजीव कुमार ने प्रधान पद की सीट पिछड़ा वर्ग में आरक्षित करने की मांग की है। उन्होंने सामान्य जाति महिला में आरक्षण किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई है।