ललितपुर। पाकिस्तान से सवा महीने पहले अमृतसर आ चुके सोनू सिंह की घर वापसी शासन और प्रशासन की प्रक्रिया के झोल में फंसकर रह गई है। जिला प्रशासन ने शासन से लिखित और व्हाट्सएप पर अनुमति मांगी है, लेकिन अब भी उन्हें आदेश का इंतजार है।
जिला के मड़ावरा क्षेत्र के ग्राम सतवांसा निवासी सोनू सिंह पाकिस्तान की जेलों में 13 साल बिताने के बाद सवा माह पहले 26 अक्तूबर को रिहा होकर अपने वतन अमृतसर तक आ गया। इसके बाद जब परिजन उससे मिलने पहुंचे तो वहां जिला प्रशासन के अधिकृत अधिकारी को ही सोनू को सुपुर्द करने की नियमत: शर्त रखी। इस पर परिजन वापस लौट आए और 11 दिनों से लगातार जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों से शासन को पत्र भेजकर सोनू की वापसी के लिए अनुमति मांगी, लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिल सकी है।
प्रशासन ने सोनू को लाने के लिए कानूनगो, पुलिस इंस्पेक्टर और लेखपाल की टीम बना दी है। शासन के अधिकारियों का कहना है कि उनसे संपर्क करके कभी भी अनुुमति ली जा सकती है। ऐसे में शासन व प्रशासन की प्रक्रिया के बीच सोनू सिंह की घर वापसी अटकी हुई है। शासन से अनुमति की प्रक्रिया कहां अटकी है, यह प्रशासनिक अधिकारी भी नहीं समझ पा रहे हैं। फिलहाल इसमें सोनू के परिजन परेशान जरूर हो रहे हैं कि उनका बेटा कब वापस आएगा। सोनू सिंह के चाचा उदय सिंह ने बताया कि मंगलवार को दोपहर लगभग ढाई बजे अमृतसर प्रशासन के अधिकारी ने उन्हें फोन करके सोनू के लाने की चल रही प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी, जिस पर उसने बताया कि अभी तक प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है कि सोनू को लाने कब तक जाना है।
-------------
सोनू सिंह की वापसी के लिए होम सेक्रेटरी से अनुमति के एि पत्र पहले ही भेजा जा चुका है। व्हाट्सएप पर भी अनुमति मांगी गई है। अभी भी उन्हें शासन की अनुमति का इंतजार है। हमारी टीम तैयार है, जैसे ही शासन से अनुमति मिलेगी तत्काल टीम को अमृतसर रवाना कर दिया जाएगा।
- अन्नावि दिनेश कुमार, जिलाधिकारी