ललितपुर। कोतवाली के अंतर्गत ग्राम टीला निवासी एक युवक को षडयंत्र के तहत गायब करने और रंगदारी के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर उसकी पत्नी व ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम टीला निवासी खिलान पुत्र परम अहिरवार ने कोट को बताया कि उसके पुत्र सुखराम की शादी तीन वर्ष पहले ग्राम गंगारी में मानकुंवर के साथ हुयी थी। लेकिन, शादी केे बाद से ही दोनों के बीच मनमुटाव रहने लगा। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व बहू के पिता गोपी अपनी पुत्री मानकुंवर को अपने घर लिवा ले गए। मानकुंवर समस्त जेवरात अपने साथ ले गई। दूसरे ही दिन उसका पुत्र सुखराम (25) अपनी मां सखी से ग्राम गंगारी जाने की कहकर निकल गया। पुत्र के गंगारी जाने के कुछ दिन बाद मानकुंवर व गोपी ने उसे फोन करके छह लाख रुपये की मांग की और कहा कि पैसा नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। पुत्र के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि गंगारी में नहीं है। इस पर उन्होंने पुत्र की खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। घटना की सूचना बिरधा चौकी में भी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर न्यायालय की शरण ली। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर गायब युवक की पत्नी मानकुंवर व ससुर गोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।