ललितपुर। थाना महरौनी के अंतर्गत ग्राम छायन में एक 85 वर्षीय वृद्धा रात को घर के बाहर बने कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम छायन निवासी चउदी (85) पत्नी स्वर्गीय रमू अहिरवार रविवार की रात में अपने दो पंतियों के साथ सो रही थी। वृद्धा रात से उठी और टॉर्च लेकर किसी काम से घर के बाहर चली गई। जब वह देर तक वापस नहीं लौटी तो उसके पंती रोने लगे, उनकी आवाज सुनकर परिजन जाग गए, उन्होंने देखा कि बच्चे दादी को बुलाओ कहते हुए रो रहे थे। परिजनों ने वृद्धा को घर और बाहर खोजा लेकिन वह कहीं नहीं मिली। तभी शंका होने पर परिजनों ने घर के बाहर ही परिसर में बने बिना मुंडेर के कुएं में टॉर्च व मोबाइल की रोशनी से देखा तो टॉर्च कुएं में उतराती मिली।
इस पर परिजनों को यकीन हो गया कि वृद्धा कुएं में ही गिर गई है, जिसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने रस्सी में हंसिया बांधकर देखा तो वृद्धा की साड़ी उसमें फंस गई और कुछ हिस्सा बाहर आ गया। इस पर परिजनों ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी, तो सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के बेटे दयालीराम ने बताया कि मां को आंखों से कम दिखाई देता था, इसी वजह से वह लड़खड़ाकर कुएं में गिर गईं होंगी। मृतका का एक ही बेटा है।
चउदी- फोटो : LALITPUR