ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हिंदू संगठनों द्वारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को एक शिकायती पत्र सौंपकर एक राष्ट्रीय संत के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी पर रोष व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि बीते चार पांच दिन से लगातार सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति द्वारा राष्ट्रीय संत चिन्मयानंद बापू पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही है, जिससे बापू के शिष्यों की भावनाओं को आहत किया है। उक्त व्यक्ति कई बार ऐसा कृत्य कर चुका है और बार-बार समझाने पर भी समझ नहीं रहा है। अन्य धर्मों के गुरूओं से भी तुलनात्मक तरीके से सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर रहा है, जिससे आपसी सौहार्द बिगाड़ने की साजिश की जा रही है। बीते 27 अप्रैल को उक्त व्यक्ति द्वा एक दूसरे धर्म के व्यक्ति से राष्ट्रीय संत की तुलनात्मक पोस्ट डाली गई, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। इस मामले में विभिन्न संगठनों ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र देने वालों में श्रीतुवन मंदिर के महंत रामलखनदास महाराज, विश्व कल्याण ट्रस्ट से मयंक वैद्य, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ से श्यामाकांत चौबे, गोपुत्र सेना से प्रशांत शुक्ला, मनीष दुबे, डा.शरद तिवारी, प्रियंक वैद्य आदि मौजूद रहे।