ललितपुर। मंगलवार को शहर व गांव सात स्थानों पर नौ व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किया गया है। यहां पर किसी व्यक्ति को प्रवेश और बाहर जाने की अनुमति नहीं है। सदर तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी केके सिंह ने तहसील मड़ावरा क्षेत्र में उपजिलाधिकारी एसपी सिंह ने कोरोना संक्रमित क्षेत्र के ढाई सौ मीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर पूरी तरह से सील कर दिया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में आवश्यक वस्तुएं सब्जी, दूध, फल की सप्लाई मोबाइल बैरियर तक की जाएंगी।
शहर के मोहल्ला आजादपुरा के दो संक्रमित क्षेत्र, लक्ष्मीपुरा के सरायपुरा, कटरा बाजार के सावरकर चौक व ग्रामीण क्षेत्र में तहसील मड़ावरा के कस्बा में, ग्राम साढ़ूमल के दो संक्रमित क्षेत्र, ग्राम उल्दनाकलां के संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किया गया है। कंटेनमेंट जोन क्षेत्र में दो पहिया, चार पहिया वाहन व हाथठेला आदि का आवागमन बंद किया गया है। क्षेत्र में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात सेवाओं से जुडे व्यक्तियों को जांच होने के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा व उल्लघंन करने वालों के खिलाफ महामारी अधिनियम की कार्रवाई की जाएगी। वहीं कस्बा मडावरा में एक संक्रमित व्यक्ति के बाद 14 दिन तक संक्रमित न पाए जाने पर कंटेनमेंट जोन हटा लिया गया है।