ललितपुर। बांसी बिजली घर में पुरानी बिजली मशीनें खराब होने के कारण नई मशीनें लगाई जा रही हैं। इसके चलते इस बिजलीघर से निकले सभी विद्युत फीडर की बिजली आपूर्ति दिन भर के लिए बंद कर दी गई। बिजली अधिकारियों द्वारा यहां नई वीसीबी मशीनें (वैक्यूम सर्किट ब्रेकर) स्थापित करने के बाद शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारू की जा सकी। उधर, दिन भर बिजली ठप होने से लोग परेशान रहे।
बांसी स्थिति 33 केवी विद्युत सब स्टेशन में स्थापित चार वीसीबी मशीनें काफी पुरानी होने और बार-बार खराबी आने के चलते विभागीय अधिकारियों द्वारा यहां नई वीसीबी मशीनें स्थापित कराई गईं। इसके लिए शनिवार को सुबह करीब आठ बजे बिजली घर से आपूर्ति बंद करके पुरानी मशीनें हटाकर नई मशीनें लगाने का कार्य किया गया। शाम को लगभग चार बजे सभी मशीनें बिजली घर में स्थापित कराई गईं और टेस्टिंग शुरू की गई। देर शाम तक मशीनों के टेस्टिंग का काम चलता रहा और रात में लगभग आठ बजे के बाद यहां से फीडरों की बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। इसके लिए अधिशासी अभियंता राकेश सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर नई मशीनों की टेस्टिंग प्रक्रिया देखी और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। वहीं मीटर विभाग के अधिकारियों द्वारा वायरिंग व मशीनों की टेस्टिंग की गई। इसके चलते यहां से निकले बांसी, बार, चिगलौआ, लखनपुरा, देवरान, धनगौल, जमालपुर फीडरों की बिजली आपूर्ति दिन भर ठप रही। ऐसे में लोगों को तपन भरी गर्मी में दिन भर परेशान होना पड़ा। हालांकि नई मशीनें लगने से अब काफी राहत मिलने की उम्मीद है।