निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर स्थित अमरपुर में 268 करोड़ की लागत से बन रहे मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 23 एकड़ (41 हजार स्क्वॉयर मीटर) क्षेत्र में बनाए जा रहे मेडिकल कॉलेज का निर्माण नवंबर 2022 तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है। इधर, जिला अस्पताल में 200 बेड के लिए नये भवन का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेडिकल कॉलेज की मंजूरी देने के बाद बजट भी आवंटित कर दिया था। अहमदाबाद की एक कंपनी को इसके बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। चयनित की गई भूमि पर अप्रैल माह में निर्माण शुरू कराया गया था, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते काम में रुकावट आ गई। अनलॉक के साथ ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू हुआ तो बारिश बाधा बनने लगी।
अब कंपनी के लोगों ने प्रथम चरण में होने वाला काम शुरू कर दिया है। इसके लिए पिलर तैयार किए जा रहे हैं। कंपनी को विधान सभा चुनाव से पहले निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए थे लेकिन कोरोना का चलते अब यह काम नवंबर 2022 तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है। सदर विधायक रामरतन कुशवाह का कहना है कि एयरपोर्ट के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान ही मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी होना प्रस्तावित है। काम लेट न हो इसलिए मेडिकल कॉलेज पर काम शुरू करा दिया गया है।
----------
मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। अभी आरसीसी पिलर खड़े हो रहे हैं। कोशिश है कि नवंबर 2022 तक पूरा काम हो जाए। पीके दागी, प्रोजेक्ट मैनेजर
---------
मेडिकल कॉलेज जिले के लिए सरकार का बड़ा तोहफा है। इसके बनने से जनपद के मरीजों को उपचार के लिए झांसी या कानपुर नहीं जाना पड़ेगा, उन्हें सारी सुविधाएं इसी मेडिकल कॉलेज में मिल जाएगी। रामरतन कुशवाह, सदर विधायक
निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज में जेसीबी से खोदी जा रही मिट्टी- फोटो : LALITPUR