जिले की सुरक्षित सीट महरौनी से टिकट के लिए भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस के नेता पूरा जोर लगा रहे हैं। इस सीट के लिए दूसरे जनपद के नेता भी दावेदारी कर रहे हैं।
जिले में दो विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से एक महरौनी सुरक्षित सीट है। बहुजन समाज पार्टी ने दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। बसपा को महरौनी से टिकट फाइनल करने में ज्यादा विचार नहीं करना पड़ा। उन्होंने यहां वर्तमान विधायक फेरनलाल अहिरवार को उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह सपा को उम्मीदवार तय करने में ज्यादा परेशानी नहीं आई।
सपा ने यहां से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रमेश खटीक को उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं, कांग्रेस की ओर से धनीराम अहिरवार, अमरपाल, दयाराम रजक, जगदीश अहिरवार दावेदारी जता रहे हैं। भाजपा की ओर से मनोहर लाल पंथ मन्नू कोरी, पूर्व मंत्री रतनलाल अहिरवार, डा. स्वाधीनता कृष्णा, डा. महेंद्र नलवंशी, मुन्नालाल रजक, प्रभु गंधर्व, वंशीधर श्रीवास दावेदार हैं। इनमें दूसरे जनपद के प्रत्याशी भी हैं। उन्होंने चुनाव आते ही विधानसभा क्षेत्र में डेरा डालकर अपनी दावेदारी को मजबूती दी है।
.......
ललितपुर से टिकट के लिए मारामारी
भाजपा व कांग्रेस की ओर से ललितपुर विधानसभा टिकट के लिए कई दावेदार हैं। भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह बुंदेला, सदर विधायक रमेश कुशवाहा, रामरतन कुशवाहा, जेके सिंह, प्रदीप चौबे, इं.हाकिम सिंह, जगदीश सिंह लोधी, गंधर्व लोधी, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, देवेंद्र सिंह, नीरज जैन ने दावेदारी जताई है। वहीं कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कुशवाहा, हरीबाबू शर्मा, अमित प्रिय जैन, अनिल जैन सीमा, सुुनील खजुरिया टिकट मांग रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस में पीछे के दरवाजे से दूसरे दलों के नेता उम्मीदवार बनने के लिए जुगत भिड़ा रहे हैँ।
पार्टी का कार्यकर्ता कहीं से भी दावेदारी कर सकता है। जहां तक उम्मीदवार चयन करने की बात है तो इसका निर्णय संसदीय बोर्ड करता है।
रमेश सिंह लोधी
जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी ललितपुर।
........
कुछ नेताओं ने टिकट के लिए सीधे प्रदेश में दावेदारी की है, जिनका जिला इकाई से संपर्क नहीं रहा है। यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो प्रदेश नेतृत्व का निर्णय स्वीकार होगा।
दुर्गाप्रसाद कुशवाहा
जिलाध्यक्ष
जिला कांग्रेस कमेटी ललितपुर।