ललितपुर। थाना बार के ग्राम हीरापुरा-हनुपुरा में बृहस्पतिवार की रात को एक घर में अलमारी का लॉक तोड़कर चोर सोने, चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर ले गए। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
ग्राम हीरापुरा-हनुपुरा निवासी रमेश यादव ने थाना बार पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह एवं उसके अन्य परिजन बृहस्पतिवार की रात को मकान की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब तीन बजे उसका बच्चा रोया तो उसकी मां जाग गई और बच्चे को लेकर नीचे कमरे में गई, लेकिन कमरे में अलमारी का लॉक टूटा था और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। जिस पर वह चिल्लाई तो वह व अन्य सभी परिवारजन जाग गए और नीचे कमरे में गए तो चोरी होने की जानकारी हुई। उसने अलमारी में नकदी व जेवरात देखा तो कुछ भी नहीं थे। उसने बताया कि अलमारी में रखा सोने का मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, हाथ की सोने की चूड़ियां, पांच जोड़ी चांदी की बिछिया और पांच हजार रुपये नकद चोरी हो गए हैं। उसने रात में ही डायल 112 और थाना बार पुलिस को चोरी की सूचना दी, जिस पर थाना बार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और चोरी हुए सामान की जानकारी भी ली। फिलहाल पुलिस ने घटना के बारे में छानबीन शुरू कर दी है।