ललितपुर। जिलाधिकारी अन्नावि दिनेशकुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी का औचक निरीक्षण किया। जिसमें जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के समस्त कक्षों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया, साथ ही मरीजों से मिलकर उनका हालचाल व स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी सर्वप्रथम औषधि वितरण कक्ष पहुंचे, जहां कक्ष के पास बारिश के पानी के कारण जलभराव था, साथ ही शराब की खाली बोतलें व कचरा भी पड़ा हुआ पाया गया। यहां मौके पर उपस्थित लोगों के द्वारा बताया गया कि अस्पताल परिसर के पास एक रैनबसेरा बना है, जो उपयोग में नहीं लाया जा रहा है।
मौके पर ऑक्सीजन आपूर्ति के बारे में पूछे जाने पर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने बताया कि इस समय अस्पताल के सभी वार्डों एवं निर्धारित स्थलों पर मरीजों को आवश्यकता के समय ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाती है, साथ ही ऑक्सीजन पाइपलाइन लगाए जाने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि ऑक्सीजन प्लांट प्राप्त होेते ही उसकी स्थापना का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। मौके पर अस्पताल मे 40 बेडों पर ऑक्सीजन पैनल लगे हुए पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए पैनल निर्धारित दूरी पर लगाएं, ताकि मरीजों के बेड आवश्यक दूरी पर लगाये जा सकें।
इसके साथ ही ऑक्सीजन पैनल अव्यवस्थित तरीके से लगे होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर कर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई, साथ ही कड़े शब्दों में कहा कि महामारी के समय मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में किसी के द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों के उपचार को सभी संसाधनों का सही उपयोग पूरी जिम्मेदारी से करें, जिससे शासकीय धन का दुरुपयोग न हो और चिकित्सा केंद्र पर आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर एवं उसके आसपास प्रतिदिन नियमित रुप से साफ-सफाई कराएं, जिससे बारिश के कारण परिसर में जल भराव की स्थिति न बने। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी राजकुमार वर्मा के अलावा चिकित्सा केंद्र के अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।