ललितपुर। थाना बार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जरावली में एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना बार क्षेत्र के ग्राम जरावली निवासी जयंती (23) पत्नी रानू राजपूत ने बुधवार की रात को परिजनों के साथ खाना खाया और अलग कमरे में सोने की बात कहकर चली गई। इसके बाद उसने देर रात को किसी बात से झुब्ध होकर रसोई घर मेें म्यांरी पर रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। अगले दिन बृहस्पतिवार की सुबह जब परिजन सोकर उठे और रसोई घर में गए तो वहां जयंती का शव रस्सी के फंदे पर लटक रहा था। इस पर परिजनों ने उसे फंदे से उतार लिया और देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने इसकी सूचना थाना बार पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का मायका मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के ग्राम धजरई में है। मृतका का एक बेटा है। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके। फिलहाल थाना बार पुलिस मामले में जांच कर रही है।