कलौथरा/ ललितपुर। शहर कोतवाली की चौकी बिरधा अंतर्गत के नेशनल हाईवे पर ग्राम बमरौला के पास प्रवासी मजदूरों सें भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप में 22 लोग सवार थे, जिसमें से 14 मजदूर घायल हो गए। प्रवासी मजदूर महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जा रहे थे। सभी घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा में कराया गया और थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
बुधवार को पिकअप (एमएच 48 एवाई 4594) में महाराष्ट्र के बीकारा शहर से प्रदेश के कुशीनगर व बिहार के प्रवासी मजदूर प्रति व्यक्ति तीन हजार रुपया किराया देकर जा रहे थे। सुबह करीब नौ बजे हाईवे पर ग्राम बमरौला के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार 14 लोगों को चोटें आ गईं। घायलों में नरसिंग कुशवाहा कुशीनगर, प्रदीप कुशवाहा गोपालगंज बिहार, दिवाकर खलीलाबाद संत कबीर नगर, सुरजीत कुशीनगर, वकील मोर्या गोरखपुर, रामतेज यादव वाराणसी, भीमकुमार कुशीनगर, भीगू प्रसाद, कुशीनगर, हरिकेश गोरखपुर, राजनाथ मोर्या गोरखपुर, धर्मेंद्र गोरखपुर, रियाजुद्दीन आजमगण, रविशंकर कुशवाहा गोपालगंज बिहार, खुशबू गोरखपुर को सिर में और किसी को हाथ व पैरों में चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अजयपाल सिंह मौके पर पहुंचे और सभी को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा में ले जाया गया। घायलों ने बताया कि वह सभी लोग महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में मजदूरी करते थे। उन्होंने ऊहा से कुशीनगर के लिए पिकअप भाड़े पर ली थी। गोरखपुर निवासी वकील मोर्या का कहना है कि वह लोग पिकअप वाले को पूरा किराया दे चुके हैं, अब यहां से उनके घर पहुंचने का संकट आ गया है।
मजदूरों को हैदराबाद से जम्मू ले जा रही प्राइवेट बस पलटी, दो को मामूली चोट
जम्मू जा रही बस पलटी
पाली। थाना पाली अंतर्गत ग्राम पटऊआ के पास सागर हाईवे पर हैदराबाद से जम्मूू जा रही मजदूरों से भरी प्राइवेट बस पलट गई। उसमें सवार मजदूरों को मामूली चोटें आईं। बस में बाइस लोग सवार थे।
तहसील पाली के ग्राम पटऊआ के पास हैदराबाद से जम्मू जा रही तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे उसमें सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। यह देख आसपास के लोग व राहगीर एकत्रित हो गए। इसी दौरान बस में फंसे मजदूर किसी प्रकार बाहर निकले, हालांकि उनमें किसी को ज्यादा चोटें नहीं आईं। दो मजदूरों को मामूली चोटें आईं, जिनका बिरधा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया। जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी पाली फूलसिंह मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
ट्रैक्टर पलटने से तीन घायल
महरौनी। थाना महरौनी के अंतर्गत सोजना रोड स्थित ग्राम बम्हौरीबहादुर सिंह के पास एक ट्रैक्टर पलट गया, जिससे उस पर सवार तीन ग्रामीण घायल हो गए। घायलों का महरौनी के अस्पताल में उपचार कराया गया। थाना महरौनी के ग्राम जखौरा निवासी सुखवीर सिंह (20) पुत्र अनंत सिंह, पुुष्पेंद्र सिंह (25) पुत्र हल्के सिंह एवं मोनू (21) पुत्र नारायण मंगलवार की शाम को ट्रॉली के पहिए का पंक्चर बनवाने के लिए महरौनी के ग्राम जखौरा से ग्राम बम्हौरीबहादुर सिंह अपने ट्रैक्टर से गए थे। पंक्चर बनवाकर जब वह अपने गांव लौट रहे थे तो ट्रैक्टर असंतुलित होकर सोजना रोड पर ग्राम बम्हौरीबहादुर सिंह से एक किलोमीटर दूर पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी तीनों लोग घायल हो गए। राहगीरों की मदद से तीनों को महरौनी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब वह स्वस्थ हैं।