ललितपुर। थाना बालाबेहट के अंतर्गत ग्राम ककोरिया में एक महिला ने घरेलू विवाद के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। इस दौरान उसका पति कमरे के बाहर ही सोता रहा लेकिन उसे भनक तक नहीं लगी।
थाना बालाबेहट के अंतर्गत ककरोरिया निवासी मीना (35) पत्नी मलखान अहिरवार चौदह दिन पहले पति के साथ अपने मायके ग्राम खैरा गई थी। इसके बाद वह ननद के यहां मध्य प्रदेश के जिला सागर के अंतर्गत ग्राम मुड़री भी गए और वहां करीब दस दिन रुके। बीते मंगलवार की रात पति-पत्नी घर लौट आए। इसके बाद बुधवार की दोपहर में खाने के लिए उन्होंने चावल बनाए।
दोपहर में पति अपने कमरे के बाहर ही लेट गया, कुछ देर बाद वह सो गया। महिला ने अपने बेटे राजाबाबू को डिटर्जेंट पाउडर का पैकेट लेने के लिए दुकान पर भेज दिया और उसने अपने कमरे में सीढ़ी पर चढ़कर बल्ली पर रस्सी से फांसी के फंदे पर लटक गई। जब बेटा राजाबाबू लौटा तो उसने अपनी मां को फांसी के फंदे पर लटकता देखा, जिस पर वह चीखता चिल्लाता हुआ बाहर निकला। उसने दूसरे मकान में जाकर अपने चाचा वीर सिंह को घटना की जानकारी दी। वीर सिंह मौके पर पहुंचा और अपने भाई मलखान को जगाकर घटना बताई।
जानकारी मिलने पर बालाबेहट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृृतका का एक बेटा व एक बेटी है। परिजनों द्वारा घरेलू कलह की वजह से महिला के फांसी लगाने की बात कही जा रही है। फिलहाल बालाबेहट पुलिस मामले की जांच रही है।