ललितपुर। थाना पाली के एक गांव में किशोरी को भगा ले जाने के मामले में परिवारजनों ने आरोपी युवक के परिवारजनों के साथ मारपीट करते हुए उसके घर व दुकान पर जमकर हंगामा मचाया। किशोरी के घरवालों ने युवक के परिवार के घरों में तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक दिया और घर व दुकान में आग लगा दी। युवक की दादी किसी प्रकार थाने पहुंच सकी। थाना पाली पुलिस ने 11 नामजद समेत 12 आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में कई थानों का फोर्स तैनात कर दिया गया है।
थाना पाली के एक गांव में बीते दो दिन पहले एक समाज का युवक दूसरे समाज की एक किशोरी को ले गया। जिसके बाद किशोरी के परिजनों की तहरीर पर थाना पाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके बाद भी किशोरी के परिजनों और उसके समाज के लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
उन्होंने शनिवार की रात को युवक के समाज के लोगों के घर पहुंचकर जमकर मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ करके आग लगा दी। साथ ही घरों की दीवार तोड़ते हुए सामान बाहर फेंक दिया। उन्होंने गांव में देर रात एक से डेढ़ घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों की संख्या अधिक होने के कारण कोई भी उन लोगों को बचाने के लिए आगे नहीं बढ़ सका। उन लोगों के चले जाने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी और किसी प्रकार मुख्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। मामले की जानकारी लगने पर सीओ पाली के नेतृत्व में थाना पाली, नाराहट और बालाबेहट से भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया।
----
दादी ने पुलिस को दी तहरीर, बोली वह लोग हमें बर्बाद कर देंगे
थाना पाली के एक गांव निवासी एक महिला (युवक की दादी) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते नौ अक्तूबर की रात करीब साढ़े दस बजे वह अपनी नातिन व नाती के साथ घर पर थी, उसी समय गांव के 10-12 आदमी लाठी, कुल्हाड़ी व डंडा लेकर आए और उसके घर में घुसकर मारपीट तोड़फोड़ करने लगे। इसके बाद घर में आग लगा दी। जिससे उसके घर सारा सामान जल गया। उसके घर की छत भी तोड़ दी और घर के बर्तन, सिलाई मशीन व कीमती सामान भी ले गए। वह लोग उसे उलाहना देते रहे कि उसका नाती उनकी बेटी को भगा ले गया है, वह हम लोगों को बर्बाद कर देंगे। महिला ने बताया कि जब सभी लोग चले गए, तब वह किसी प्रकार अपने बच्चों व परिवार के साथ थाने पहुंच सकी। थाना पाली पुलिस ने मामले में 11 नामजद एवं अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
-------
युवक के परिवार की लड़की भी साथ ले जाने का लग रहा आरोप
थाना पाली के गांव में हुए इस मामले में पीड़िता का एक अन्य शिकायत पत्र भी सामने आया है, जिसमें पुलिस अधीक्षक से उसने पूरी घटना का जिक्र किया है। इसके साथ ही आरोप लगाया कि आरोपी लोग उसकी बेटी को अपने साथ यह कहकर ले गए हैं कि जब तक उनकी बेटी घर नहीं आएगी, तब तक उसकी बेटी उनके साथ में रहेगी।
--------
गांव में एक समाज का युवक दूसरे समाज की किशोरी को ले गया, जिससे नाराज किशोरी के परिजनों ने युवक के घर में व दुकान पर तोड़फोड़ की है। आरोपियों की तलाश जारी है और गांव में पाली, नाराहट और बालाबेहट थाने का पुलिस बल तैनात कर दिया है।
कमलेश नारायण पांडेय, सीओ, पाली।
पाली थाने के एक गांव में टूटा पड़ा घर- फोटो : LALITPUR