भाई ने लगाए ऑक्सीजन की कमी से मौत होने के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कालेज में तीन दिन से भर्ती होमगार्ड राजाराम निवासी मोहल्ला नेहरू नगर की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने मेडिकल काॅलेज प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि आक्सीजन न मिलने के चलते मौत हुई। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया और शव लेकर घर चले गए।
शहर मोहल्ला नेहरू नगर निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उसका भाई राजाराम होमगार्ड जवान था। फेफड़ों में संक्रमण होने पर तीन-चार दिन पूर्व उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। यहां उसे ऑक्सीजन लगाई गई थी। शनिवार की रात को अचानक से उसके भाई राजाराम को आईसीयू से ऊपर वाले वार्ड में पहुंचा दिया गया था। संतोष ने आरोप लगाए कि वार्ड में उसके भाई राजाराम को ऑक्सीजन नहीं लगाई गई। जिस कारण से रविवार की सुबह उसके भाई की मौत हो गई। मृतक के भाई ने मेडिकल कालेज पर इलाज में लापरवाही बरतने और ऑक्सीजन न मिलने से मौत होने का आरोप लगाया है। हालांकि परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को लेकर घर चले गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि पुलिस को न तो माैत की सूचना दी गई और न ही पोस्टमार्टम कराया गया। शिकायती पत्र मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।