डोंगराखुर्द। बरसात में गुढ़ा-गदनपुर मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। इस सड़क से वाहन तो दूर पैदल निकलने में भी ग्रामीणों के पसीना छूट रहा है। हैरत की बात तो यह है कि दो से तीन किलोमीटर का फासला तय करने में घंटों लग जाते हैं। ग्रामीणों ने अफसरों से लेकर जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण जल्द कराने की गुहार लगाई है।
विकास खंड मड़ावरा के अंतर्गत नाराहट से ग्राम गुढ़ा बुजुर्ग होते हुए गदनपुर तक जाने वाली सड़क निर्माणाधीन है ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने खेतों की काली मिट्टी से सड़क का लेवलिंग कराई है इसी के कारण बारिश होते ही सड़क दलदल में तब्दील हो गई है और इससे निकलने में फिसलन होने से जान जोखिम में रहती है। धीमी गति से चल रहे सड़क निर्माण के कारण आसपास गांवों के ग्रामीणों काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक इस मार्ग से गुढ़ा, पड़रिया, मुड़िया, दैनपुरा, गदनपुर, रमेशरा, बमराना सहित एक से दर्जन से अधिक गांवों के लोग गुजरते हैं।
इन गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क लगभग टूट चुका है। आए दिन इस मार्ग पर बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे है। यहां से निकलने वाले अध्यापकों को पैदल ही अपने विद्यालय जाना पड़ रहा है। कई अध्यापक अपने वाहनों को मुख्य मार्ग के आस पास ही छोड़कर पैदल विद्यालय जा रहे हैं। विगत माह इन गांवों के ग्रामीणों ने प्रशासन से यह मार्ग जल्द ही बनवाए जाने की मांग की थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर मौरंग डलवाने और निर्माण कार्य शीघ्र कराए जाने की मांग की है।
कई बार ठेकेदार से संपर्क किया इस सड़क की समस्या के बारे में बताया साथ ही सड़क पर हो रहे गड्ढों में गिट्टी मौरंग डलवाने की मांग की लेकिन ठेकेदार द्वारा अब तक कोई ऐसा कार्य नहीं कराया गया।
थान सिंह निरंजन, प्रधान प्रतिनिधि गुढ़ा बुजुर्ग
सड़क निर्माण कार्य के समय बगल से खेतों की काली मिट्टी का प्रयोग किया गया था आज बरसात में वही मिट्टी दलदल मे बदल गई।
रामेश्वर प्रसाद
इस मार्ग पर प्रतिदिन दर्जनों गांव के लोगों का आवागमन रहता है लेकिन ठेकेदार ने अधूरा कार्य छोड़ दिया जिससे वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल काम है। हरचरन पटेल