ललितपुर। थाना मदनपुर अंतर्गत ग्राम भौंती के पास कार की टक्कर से घायल गोशाला सुपरवाइजर की ग्वालियर से जयपुर उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना मदनपुर अंतर्गत ग्राम बारई निवासी मंजू यादव (20) पुत्र सुम्मेर सिंह यादव हरियाणा में एक गोशाला में सुपरवाइजर का काम करता था। उसके मंझले भाई कप्तान की दो दिसंबर की शादी होने के चलते वह एक दिसंबर को अपने गांव आया था। नौ दिसंबर को वह किसी काम से अपने गांव से मोटरसाइकिल से मड़ावरा जा रहा था। ग्राम भौंती व हंसेरा के बीच सामने से आ रही कार ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से मड़ावरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे ललितपुर और फिर यहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन वह ठीक नहीं हो सका तो परिजन उसे रविवार की शाम को जयपुर ले जा रहे थे। उसकी रास्ते ही मौत हो गई। परिजन शव लेकर ललितपुर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बड़े भाई राजेंद्र सिंह ने बताया कि मंजू को एक दो दिन बाद ही वापस हरियाणा लौटना था।