ललितपुर। थाना बानपुर पुलिस ने मध्य प्रदेश से टीकमगढ़ रोड पर वाणाघाट पुल के पास से चार तस्करों को गिरफ्तार कर आठ किलो आठ सौ ग्राम गांजा बरामद कर लिया। जबकि दो आरोपी फरार हो गए, जिनके पास से भी कुल दो किलो चार सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ है। आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया।
जिले में गांजा तस्करी का खेल लंबे स्तर पर हो रहा है। बीते दिनों एसटीएफ ने ललितपुर के गांव चंदेरा स्थित हाइवे पर उड़ीसा से मुथरा, भरतपुर ले जाया जा रहा 11 क्विंटल 57 किलो गांजा पकड़ा था। जिसमें दो आरोपी पकड़े गए थे। अब एक बार फिर से मध्य प्रदेश से जिले में गांजा खपाने आ रहे चार तस्कर पुलिस ने पकड़ लिए।
सीओ सदर फूलचंद ने बताया कि शुक्रवार सुबह थाना बानपुर थानाध्यक्ष अवध नारायण पांडेय एवं उनकी टीम ने चेकिंग के दौरान मध्य प्रदेश की सीमा पर वाणाघाट पुल के पास कुछ संदिग्धों को आता देखा। उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो वह भागने लगे। जिस पर टीम ने घेराबंदी करते हुए चार तस्करों को पकड़ लिया। जबकि दो आरोपी अपना सामान छोड़कर भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना नाम महरौनी क्षेत्र के ग्राम समगोर निवासी नीरज अहिरवार पुत्र पुनू, थाना जखौरा क्षेत्र के गांव आलापुर निवासी मुकेश अहिरवार पुत्र रामचरन, मोहल्ला नेहरूनगर स्थित नैंसी गार्डन के पास निवासी सलमान खान पुत्र मुबीन खान एवं नसीर खां पुत्र मुबीन खान बताए। उनमें प्रत्येक के पास से दो किलो दो सौ ग्राम गांजा बरामद किया। वहीं भागे हुए साथियों के नाम महरौनी क्षेत्र के ग्राम समोगर निवासी जुगल किशोर पुत्र गोपीलल एवं दूसरा अंकुर पुत्र जुगल किशोर बताए गए। भागे हुए आरोपियों के सामान से दो किलो चार सौ ग्राम गांजा बरामद किया गया। बाजार में गांजे की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है। वहीं पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करते जेल भेज दिया।
भागे आरोपियों का है लंबा आपराधिक इतिहास
अवैध गांजा तस्करी के मामले में फरार हुए आरोपियों को लंबा आपराधिक इतिहास है। जिनमें ग्राम समोगर निवासी जुगल किशोर तिवारी के खिलाफ थाना महरौनी में जानलेवा हमला, गुंडा अधिनियम, मारपीट, ईसीएक्ट, आयुध अधिनियम, ईसीएक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि दूसरे फरार आरोपी अंकुर तिवारी के खिलाफ थाना महरौनी में आबकारी अधिनियम, मारपीट, सड़क दुर्घटना, अपहरण, गुंडा एक्ट समेत नौ आपराधिक मुकदमा दर्ज हैं।