बानपुर। थाना क्षेत्र के गांव सूरी नगला निवासी किसान के खाते से 41 हजार रुपये निकाल लिए गए। आरोप है कि मामले की शिकायत पर शाखा प्रबंधक ने उससे अभद्रता कर दी। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में गांव सूरी नगला निवासी किसान कुंजी का केसीसी खाता खुला है। उसने बताया कि खाते में पुराना बकाए का भुगतान करने के बाद कार्ड रिन्यूवल के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि शाखा के अधिकारी उसे कई दिनों से टरका रहे थे। शुक्रवार को उसने बैंक के टोल फ्री नंबर पर जब अपने खाते के बारे में जानकारी ली तो उसे बताया गया कि इसी साल 17 अगस्त को उसके खाते से 41 हजार रुपये निकाले गए हैं ।इतना सुनते ही उसके होश उड़ गए। वह तत्काल बैंक पहुंचा और शाखा प्रबंधक से इस संबंध में जानकारी मांगी तो उन्होंने साफ कह दिया कि वह रुपया उसी ने निकाला है। आरोप है कि जब उसने कहा कि उसने कोई रुपया नहीं निकाला तो शाखा प्रबंधक ने उससे अभद्रता करते हुए पासबुक छीन ली और जेल भेजने की धमकी दी। नतीजतन वह वहां से वापस लौटा और थाना इंचार्ज से मिलकर तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। इस संबंध में थाना पुलिस ने शाखा प्रबंधक से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज तलब किए हैं। इस संबंध में शाखा प्रबंधक ने आरोप गलत बताते हुए कहा कि किसान की शिकायत पर जांच कराई जाएगी।