ललितपुर। राजकीय संप्रेक्षण गृह से पांच किशोरों के फरार होने के बाद पुलिस ने भले ही चार को पकड़ लिया है लेकिन अभी भी एक आरोपी खोजे नहीं मिल रहा। एसपी ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद करते हुए पुलिस कर्मियों और होमगार्डों को ड्यूटी पर लगा दिया है। साथ ही यहां खराब पड़े सीसीटीवी को सुधरवाने के लिए विभागीय पत्राचार शुरू हो गया है।
कोतवाली क्षेत्र के नेहरूनगर में बना राजकीय संप्रेक्षण गृह से 24 सितंबर की रात पांच आरोपी फरार हो गए थे। एसपी के निर्देश पर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई थी। दो आरोपी उसी दिन और दो आरोपी दूसरे दिन गंजबासौदा व जालौन से गिरफ्तार कर लिए गए थे। जबकि एक आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
पुलिस अधीक्षक निखिल पाठक ने लापरवाही पर तीन सिपाहियों के निलंबन के तत्काल बाद तीन नए सिपाहियों और नए होमगार्ड को भी ड्यूटी पर लगा दिया है। उन्होंने संप्रेक्षण गृह में ऐसी घटना दोबारा न दोहराई जा सके, इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं।इधर, विभागीय अफसरों ने संप्रेक्षण गृह में लगे खराब पड़े दो सीसीटीवी कैमरे सुधरवाने के लिए मुख्यालय पत्राचार किया है, ताकि संप्रेक्षण गृह में बाहर और भीतर की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
-------------
ये था मामला
नाराहट क्षेत्र में चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जिनमें दो किशोर आरोपी होने के चलते उन्हें 21 सितंबर को और उरई क्षेत्र के तीन किशोर आरोपियों को बीते 16 सितंबर को कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राजकीय संप्रेक्षण गृह में निरुद्घ किया गया था। इसके साथ ही कोविड प्रोटोकॉल के तहत पांचों किशोर आरोपियों को संप्रेक्षण गृह में पीछे की ओर बने रूम में क्वारंटीन किया गया था। 24 सितंबर की रात को उक्त पांचों आरोपी क्वारंटीन रूम का पीछे का लोहे का गेट तोड़कर कटीले तारों को फांदकर भाग गए।
--------------
शुरू हो गई मजिस्ट्रीयल जांच
डीएम अन्नावि दिनेश कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम न्यायिक ज्ञानेश्वर को जांच के आदेश दिए थे। बताते है कि एसडीएम ने जांच शुरू कर दी है वह जल्द ही रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगे। इसके बाद ही कुछ अन्य लोगों पर गाज गिरने की संभावना जताई जा रही है।
--------------संप्रेक्षण गृह से भागे चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि एक आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा की सुरक्षा के लिए खराब सीसीटीवी कैमरों को ठीक कराने के लिए मुख्यालय पत्राचार किया गया है-सुरेंद्र पटेल, जिला प्रोवेशन अधिकारी