महरौनी (ललितपुर)। महरौनी क्षेत्र में कालाबाजारी के लिए जा रहा उर्वरक से भरा ट्रैक्टर पकड़ा गया। जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर थाना महरौनी में रिपोर्ट की गई है।
जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती ने महरौनी थाने में तहरीर देकर बताया कि 19 अक्तूबर को रात साढ़े नौ बजे भ्रमण के दौरान डीएपी खाद लदा ट्रैक्टर पकड़ा था। उस पर मौजूद ट्रैक्टर चालक व अन्य किसी ने भी उर्वरक से संबंधित बिल या अभिलेख नहीं दिखाया, न ही संतोष जनक उत्तर दिया, जिस पर संदिग्ध एवं कालाबाजारी के आरोप में उक्त ट्रैक्टर को थाने के सुपुर्द कर दिया था। इस मामले में जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर थाना महरौनी ने उर्वरक (संचालन नियंत्रण) आदेश, आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा तीन व सात के तहत आरोपी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ अंतर्गत ग्राम सागौनी निवासी आजाद यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।