ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ले में पांच बच्चों के पिता ने बेटी के दुपट्टे का फंदा बनाकर बृहस्पतिवार की रात को घरेलू विवाद के चलते फांसी लगा ली। चारों बेटियां और बेटा उसी कमरे में सो रहे थे। बेटियों की आंख खुली तो उन्होंने फंदा काटकर पिता को नीचे उतारा। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कस्बा जाखलौन हाल कोतवाली के मोहल्ला जुगपुरा में किराए के मकान में रहने वाला देेवीलाल (40) पुत्र खुशीलाल बृहस्पतिवार की रात को करीब आठ बजे शराब के नशे में घर पहुंचा था। तभी उसका किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया, जिस पर उसने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद पत्नी घर से निकलकर मोहल्ले में ही कुछ दूर स्थित अपने मायके चली गई।
इसी दौरान वह अपने कमरे में गया। वहां उसका एक बेटा और चार बेटियां सो रहीं थीं। उसने बेटी के दुपट्टे से कमरे में फांसी लगा ली। उसकी बड़ी बेटी की जब आंख खुली तो उसने पिता को फंदे पर लटकता देखा। उसने तुरंत भाई-बहनों को जगाया। इसके बाद हंसिया से फंदा काटकर बच्चों ने किसी तरह उसे नीचे उतारा और चिल्लाते हुए परिजनों को बुलाया।
परिजन 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे अचेत अवस्था में जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की चार बेटियां एवं एक बेटा है। सबसे छोटी बेटी की उम्र पांच साल है। देवीलाल मछली पकड़ने का काम करता था।