आय बढ़ाने के लिए बागबानी करें किसान
ललितपुर। कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में इफ्को के सहयोग से आयोजित कृषक गोष्ठी व किसान मेला में केंद्र के अध्यक्ष डॉ. एके चौहान ने बुंदेलखंड क्षेत्र में फलदार पौधों, जल व मिट्टी के संरक्षण में पौधों की उपयोगिता बताई। कहा कि किसानों को आय बढ़ानी है तो बागवानी करें।
इफ्को के क्षेत्र प्रबंधक केपी सिंह ने बागवानी में ग्रोथ हार्मोन एवं बायो फर्टिलाइजर का उपयोग करने की सलाह देते हुए रासायनिक उत्पादों का महत्व बताया। उन्होंने जल विलय उर्वरक, जैविक उर्वरक, सागारिका, कीटनाशी आदि की जानकारी दी। डॉ. अर्चना दीक्षित ने किसानों को बाग लगाने के लिए प्रेरित किया और बुंदेलखण्ड में अमरूद, नींबू, ऑवला, शरीफा के बाग लगाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फलदार वृक्षों में समय-समय पर कटाई-छटाई एवं उनकी कैनोपी में रिंग बनाकर उर्वरक देना जरूरी है। वैज्ञानिक डॉ. दिनेश तिवारी, डॉ. नितिन यादव और डॉ. मारूफ अहमद ने किसानों से गुणवत्तायुक्त बीज का प्रयोग करने, फसल चक्र, जल संरक्षण, बीमारी प्रबंधन एवं आय बढ़ाने के लिए पशुपालन पर जोर दिया।
किसानों को अमरूद, नींबू, शरीफा, कटहल, करौंदा के एक हजार पौधे वितरित किए गए। प्रभुदयाल, सुरेंद्र यादव, रूप लाल कुशवाहा, धर्मेंद्र यादव, सतवान सिंह ठाकुर सहित अन्य किसान उपस्थित रहे। इफ्को की ओर से किसानों को ग्रोथ हार्मोन एवं बायो फर्टीलाइजर (एनपीके कोनसोर्टिया, सागारिका) का वितरण किया गया।