ललितपुर। तालबेहट विद्युत उपखंड अंतर्गत पूराकलां में तैनात एक विद्युत कर्मचारी को उपकेंद्र से बिना बताए गायब रहने और मतदान के समय मतदेय स्थलों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने के मामले में दोषी पाए जाने पर अधिशासी अभियंता ने निलंबित कर दिया है।
उपखंड अधिकारी चतुर्थ तालबेहट ने अधिशासी अभियंता को एक पत्र लिखकर बताया कि विद्युत उपकेंद्र पूराकलां पर तैनात टीजीटू कर्मचारी कोमल प्रसाद वर्मा है। जिन्हें विधानसभा चुनाव के अंतर्गत बीते बीस फरवरी को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने तक सुचारू बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए उपकेंद्र पर उपस्थित रहने को निर्देशित किया गया था, लेकिन कोमल प्रसाद 19 फरवरी को बिना अनुमति के ही अपने कार्यस्थल/मुख्यालय से चले गए और बीस फरवरी को मतदान दिवस के दिन भी अपने तैनाती स्थल पर उपस्थित नहीं हुए। जिससे विद्युत उपकेंद्र से निकले 11 केवी पोषकों से पोषित मतदेय स्थलों पर विद्युत आपूर्ति बाधित हुई और समय से बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई। बताया कि कर्मचारी के अपने दायित्वों को निर्वहन न किए जाने और विभिन्न मतदेय स्थलों पर बिजली प्रभावित होने से प्रशासनिक एवं उच्चाधिकारियों के रोष का सामना भी करना पड़ा। साथ ही विभाग की छवि भी धूमिल हुई। इस मामले में अधिशासी अभियंता विमल कुमार ने कर्मचारी कोमल प्रसाद को प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया और अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम के कार्यालय में संबद्घ करने के आदेश दिए हैं।