ललितपुर। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के यौम-ए-पैदाइश यानी ईद-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर शहर पूरी तरह सज-धजकर तैयार हो गया है। गलियों, चौराहों, मस्जिदों और दरगाहों को खूबसूरत रोशनी और परचमों (झंडों) से सजाया गया है। पूरे शहर में जश्न और अकीदत का माहौल है।
सदनशाह मस्जिद के पेश इमाम मुफ्ती नौशाद जमाली ने लोगों से 1501वां जश्ने ईद-मिलादुन्नबी निहायत अदब, खुशी और शांति के साथ मनाने की अपील की है। घरों में तरह-तरह के पकवान बनाकर एक-दूसरे को खिलाएं और खुशियां बांटें। अपनी खुशियों में गरीबों, जरूरतमंदों और यतीमों का विशेष ध्यान रखें। जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान ऐसा कोई भी काम न करें जिससे दूसरों को असुविधा या परेशानी हो। डीजे, ढोल-बाजे और तेज आवाज वाले अन्य उपकरणों से पूरी तरह परहेज करने की ताकीद की गई है। वहीं मुफ्ती नौशाद जमाली ने सभी से पैगंबर साहब की दिखाई नेक राह पर चलने और शांति व सौहार्द के साथ यह पर्व मनाने का आह्वान किया है।
.........
आज इस रूट पर निकलेगा जुलूस
बुधवार को शहर में जुलूस अपराह्न 3 बजे से शुरू होकर रात लगभग 12 बजे तक चलेगा। जुलूस के सुचारू संचालन के लिए परंपरागत रास्ते तय किए गए हैं। तीन बजे दोपहर गोविंद नगर से शुरू होकर रामलीला, रावतयाना, नदी पहलेपार की मस्जिद के सामने, नए पुल, मछली मार्केट और खटकयाना होते हुए इमाम चौक पहुंचेगा। दूसरा जुलूस अजीतापुरा से शुरू होकर पानी की टंकी, सदरकांटा, घंटाघर, साबरकर चौक, आजाद चौक और नदीपुरा होते हुए इमाम चौक पहुंचेगा।
-
एक स्थान पर एकत्रित होंगे जुलूस
दोनों जुलूस अपराह्न 3 बजे अपने-अपने स्थानों से निकलकर इमाम चौक पर एकत्र होंगे। इसके बाद शाम 4 बजे संयुक्त जुलूस आगे बढ़ेगा। इमाम चौक, बरिया वाली मस्जिद, मउठाना, रावर स्कूल, महावीरपुरा, अजीतापुरा मस्जिद, बड़ापुरा, जेल चौराहा, अभिलाषा पेट्रोल पंप और काशीराम हॉस्पिटल के सामने से होते हुए बाबा सदनशाह दरगाह पहुंचेगा। सदनशाह पर नेहरूनगर और करीम नगर पहुंचेगा। सदनशाह से पुलिस अधीक्षक आवास के सामने से मस्जिद घुसयाना पहुंचेगा। इसके बाद जेल चौराहा, कसाई मंडी, बड़ी पानी की टंकी, सदरकाटा, घण्टाघर, सावरकर चौक, तालाबपुरा से होते हुए लक्ष्मीपुरा मस्जिद के सामने से गुजरकर आजाद चौक तथा अंत में इमाम चौक पहुंचेगा। इमाम चौक पर सलातो सलाम के बाद जुलूस रात्रि लगभग 12 बजे संपन्न होगा।