ललितपुर। थाना नाराहट के अंतर्गत ककरूआ निवासी एक ट्रक चालक ने शहर कोतवाली क्षेत्र में देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्महत्या करने से पहले रेल ट्रैक पर खड़े होकर एक वीडियो भी वायरल किया है इसमें एक महिला व उसके सहयोगी पर एक लाख रुपये हड़पकर बेवफाई कर जाने का आरोप लगाया है।
ग्राम ककरूआ निवासी हाल निवासी पनारी देवेंद्र (28) पुत्र अमर सिंह पटेल ने रविवार की रात में देवगढ़ रेलवे क्रॉसिंग से आगे माल गोदाम के पास डाउन लाइन पर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई इंद्रपाल सिंह ने बताया कि एक वर्ष पहले पिता ने ग्राम पनारी में आवासीय प्लॉट खरीदा था। इसके निर्माण के दौरान भाई देवेंद्र गांव से पनारी आकर किराए से रहने लगा था। उसने बताया कि भाई ने दो दिन पहले फोन कर बताया था कि उससे एक महिला व उसके साथी ने एक लाख रुपये ले लिए हैं, अब वह रुपये वापस नहीं कर रही है। इसको लेकर वह परेशान है। उधर, देवेंद्र के दो बेटियां व एक बेटा है। अब उसके परिवार के पालन पोषण का संकट हो गया है।
वीडियो मेें बता रहा लाख रुपये कमाता हूं, महिला पर खर्च किए...पर वो धोखा देकर चली गई
ललितपुर। मरने से पहले पटरी पर खड़े होकर देवेंद्र ने जो वीडियो बनाकर वायरल किया है, उसमें वह शहर कोतवाली के अंतर्गत जैन मंदिर के पास एक दुकान में काम करने वाली एक महिला व साथ में काम करने वाले एक युवक को गालियां देते हुए उनका बुरा होने की बात कह रहा। वीडियो में आगे उसने कहा है कि मैं एक ट्रक ड्राइवर हूं, लाख रुपये कमाता हूं। पता नहीं है पर महिला पर लाखों रुपये खर्च किए, एक लाख रुपये नकद दिया और आज वो धोखा देकर चली गई। रेलवे लाइन की पटरी को वीडियो में दिखाते हुए उसने कहा कि जो भी ट्रेन आएगी, इससे उसका देहांत हो जाएगा। वीडियो में उसने महिला, उसके साथी और अपने परिवार का विवरण भी बताया है।
---
ट्रेन से कटकर मौत के मामले में युवक द्वारा वीडियो वायरल होने की जानकारी नहीं है और न ही अभी तक शिकायती पत्र मिला है। शिकायती पत्र मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विनोद मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक, सदर कोतवाली
मृतक देवेंद्र फाइल फोटो- फोटो : LALITPUR