दिवाली का बाजार गुलजार, त्योहार पर लौटी रौनक
ललितपुर। कोरोनाकाल के चलते दो साल से सुस्त पड़े बाजार में दिवाली की रौनक दिख रही है। धनतेरस की पूर्व संध्या पर सोमवार को जहां बर्तन बाजार सज गया। वहीं, गिफ्ट सेंटर, फर्नीचर, कपड़े और सजावट की दुकानों को खूब सजाया गया है। पूजन के लिए श्रीगणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों के अलावा दिए और खील खिलौना की दुकानों पर भी भीड़ नजर आ रही है।
बाजार में सादे दीये के साथ ही डिजाइनर दीये की भरमार है। दुकानदार सीताराम ने बताया कि सादे दीये 20 रुपये में 16 हैं। डिजाइनर दीये 40 रुपये में 16 हैं। श्रीगणेश लक्ष्मी की मूर्तियां भी अलग-अलग दामों की हैं। मूर्तियां 50 रुपये से लेकर 400 रुपये में हैं। उधर, बर्तन कारोबारी अशोक कुमार का कहना है कि एक साल से ठंडे पड़े कारोबार में इस बार दिवाली पर रौनक दिख रही हैं। नई वैरायटी के बर्तन भी मंगवाए हैं उम्मीद है कि दिवाली पर बर्तन कारोबार ठीक रहेगा।
दिवाली पर गिफ्ट के लिए सीनरी के अलावा फूल और गुलदस्तों से बाजार सज गया है। आर्टिफिशियल फूल ऐसे हैं जो देखते ही मन को छू जाते हैं। कारोबारी अतुल जैन ने बताया कि कोई भी गिफ्ट बीते साल से इस बार करीब 25 से 30 फीसदी महंगे हुए हैं लेकिन उम्मीद है कि इस बार अच्छी बिक्री होगी।
रेडीमेड सामान की दुकान सजीं
दिवाली पर सजावट के लिए बाजार में रेडीमेड सामान की कई दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर प्लास्टिक की रंग-बिरंगी झालरें, शुभ-लाभ, स्वास्तिक के अलावा कई तरह की मालाएं लगी हैं। दिवाली के लुभावने स्टीकर की डिमांड भी बढ़ी है। विक्रेता जान मोहम्मद का कहना है कि इस बार उसने कई तरह के सजावटी सामान को मंगवाया है।
खील-खिलौनों की हो रही बिक्री
दिवाली पर खील और खिलौना से पूजन करने की पुरानी परंपरा है। इस बार बाजार में खीलों की थोक बिक्री 100 रुपये और फुटकर में 120 रुपये किलो हो गई है जबकि खिलौना भी इन्हीं दामों पर बिक रहा है। बताते हैं कि इस बार सभी सामानों पर डीजल व पेट्रोल के बढ़े दामों के कारण ढुलाई महंगी होने का असर भी दिख रहा है।