मड़ावरा-डोंगराखुर्द( ललितपुर)। मड़ावरा थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में रविवार देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव रैंप के पास जामनी बांध में उतराता मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच पड़ताल की। मामला हत्या या आत्महत्या के बीच उलझा नजर आ रहा है। थाना इंचार्ज ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ होगी।
बहादुरपुर गांव के किसान जामनी बांध के पास मूंग की खेती किए हुए हैं। जिसकी रखवाली करने जाते हैं। रविवार की शाम को करीब छह बजे कुछ किसान पानी के भराव क्षेत्र की ओर पहुंचे तो उन्हें एक शव पानी में उतराता हुआ नजर आया। जैसे ही ग्रामीण शव के पास पहुंचे तो शव गल चुका था और उसमें से दुर्गंध आ रही थी। इसकी सूचना गांव के चौकीदार को दी गई। चौकीदार ने थाना मड़ावरा को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकालकर आसपास के लोगों पहचान के लिए बुलाया, लेकिन कोई पहचान नहीं कर पाया। शव पानी से फूल चुका है। मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। उसके दोनों हाथ मछली पकड़ने के जाल में फंसे हुए थे। मृतक ब्लैक कलर की हाफ टी-शर्ट और ब्लैक कलर हाफ नेकर पहने हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।