ललितपुर। कर्मचारी, शिक्षक और अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच (उत्तर प्रदेश) के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला मुख्यालय पर मंगलवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के सभी घटक संगठनों, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ एवं पेंशनर्स संघ के लगभग दो हजार सदस्यों के साथ कर्मचारी वर्ग की लंबित मांगों के संबंध में ध्यानाकर्षण आंदोलन के प्रथम चरण के तहत मोटरसाइकिल रैली का आयोजन गिन्नौट बाग से शुरू होकर पानी टंकी चौराहा, सदर काटा, तुवन चौराहा, वर्णी चौराहा होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
कर्मचारी वर्ग की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन बहाली, दैनिक वेतनभागी कर्मचारी एवं तदर्थ कर्मियों को नियमित करना, भत्तों की बहाली, कैशलेश चिकित्सा सुविधा, साथ में वेतन आयोग की वेतन विसंगतियों को दूर करना, एसीपी एवं चयन वेतनमानों की बाध्यता समाप्त कर ग्रेड-पे बढ़ाना, नगर प्रतिकर भत्ता को जोड़ना, उपार्जित अवकाश के बदले में नकदीकरण देना, फील्ड कर्मचारियों को मोटरसाइकिल भत्ता देना, केंद्र की भांति केयर भत्ता देना, परिषदीय विद्यालय का संविलियन व्यवस्था निरस्त करना, अंतरजनपदीय एवं अंतरजनपदीय स्थानांतरण करना, वित्तीय विहीन विद्यालय शिक्षकों का विनियमितिकरण करना, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालय के शिक्षकों को स्थायी शिक्षक बनाना, विद्यालयों में लिपिक व चौकीदार की नियुक्ति करना, ऑनलाईन कार्य के नाम पर शिक्षकों का शोषण बंद कराना, आंगनबाड़ी कार्यक र्ता, सहायिका मानदेय बढ़ाना, शिक्षकों का सामूहिक बीमा की धनराशि दस लाख करना, सेवा अधिकरण विधेयक 2021 वापस लेना, ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारी संवर्ग, लिपिक संवर्ग एवं लेखपाल संवर्ग की शैक्षिक योग्यता बढ़ाते हुए प्रारंभिक ग्रेड-पे बढ़ाना, लिपिक संवर्ग से राज्यपत्रित पदों पर पदोन्नति 25 प्रतिशत निर्धारित करना, जूनियर इंजीनियरों को प्रारंभिक ग्रेड-पे 4800 प्रदान करना, ग्राम पंचायत सफाई कर्मचारियों को प्रधानों से मुक्त किया जाए एवं सेवा नियमावली बनाई जाए, आशा बहुओं की पदोन्नति एएनएम पद पर करना आदि के अलावा प्रदेश के लगभग 200 संवर्गां के मूलभूत जायज समस्याओं का समाधान करना आदि प्रमुख हैं। इस अवसर पर संयुक्त राज्य कर्मचारी परिषद के जिलाध्यक्ष अमर सिंह बुंदेला, मंत्री इं. अमरकांत गौर, अधिकार मंच के अध्यक्ष एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राजेश लिटौरिया, मंच के जिला महासचिव इं. विजयेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह, अनुराग पटैरिया, गजेंद्र सिंह, आनंद स्वरूप रजक, विवेक सिंह, महेंद्र राजपूत, प्रेमपाल कुठार, बृजकिशोर गुप्ता, सतेंद्र कुमार, डि.इं. संघ के सदस्य, प्राथमिक शिक्षक संघ के आलोक श्रीवास्तव, हरीराम खरे, पवन स्वरूप पटैरिया, सरमन लाल, मनोज कुमार झा, आलोक स्वामी, सोभना सांडिल्य, अचर्ना तिवारी, विनीता नायक, हनी श्रीवास्तव, पूर्णिमा वनर्जी, पुष्पा देवी, मेघा जैन, दीपा पटैरिया, आशा साक्यवार आदि के अलावा सैकड़ों शिक्षक, कर्मचारी, शिक्षामित्र, अनुदेशक, परिषद के घटक संगठनों के जनपदीय पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। रैली का संचालन उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जनपदीय मंत्री अरूण गोस्वामी एवं घनश्याम दास ने किया।