पाली(ललितपुर)। अफसरों की उदासीनता के चलते क्षेत्र में अधिकांश सड़कों पर वाहन तो दूर पैदल निकलना मुश्किल हो रहा है। स्थिति यह है कि यहां सड़कों पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है, यह बता पाना मुश्किल है।
खस्ताहाल सड़कों पर बारिश में गड्ढे हो गए हैं वहीं संपर्क मार्ग दलदल में तब्दील हो गए हैं। हैरत की बात तो यह है कि दो साल पहले बनी सड़क भी उखड़ गई है इससे कार्यदायी संस्था पर सवालिया निशान लगना लाजमी है। यह स्थिति तब है जबकि क्षेत्रीय विधायक मनोहर लाल पंथ प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री हैं और वह क्षेत्र लगातार विकास कार्यों को लेकर दावा कर रहे हैं। पेश है क्षेत्र की सड़कों का आंखों देखा हाल।
-----
केस-1
पाली मुख्यालय को नेशनल हाईवे-44 से जोड़ने वाली 17 किमी सड़क करीब दो साल पहले बनाई गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक बनने के छह माह बाद ही सड़क गड्ढों में तब्दील होने लगी। बरसात के समय सड़क के गड्ढों में पानी भरने से तालाब जैसा नजारा हो जाता है। जिससे राहगीरों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालक भी जान जोखिम में डालकर सड़क से गुजरते हैं।
---------
केस-2
पाली मुख्यालय से बालाबेहट को जाने वाली 26 किमी लंबी सड़क करीब आठ सालों से गड्ढायुक्त बनी हुई है। इस सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं। स्थानीय बजाज एजेंसी के सामने सड़क पर करीब एक से दो फिट गहरे गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों को भरवाने के लिए न तो नगर पंचायत ने पहल की और न ही पीडब्ल्यूडी विभाग के अफसर ध्यान दे रहे हैं। आसपास के लोगों की माने तो इसी मार्ग से नगर पेयजल लाइन डाली गई थी जो इन दिनों टूटने के कारण पानी फैल रहा है। वही सड़क की बायीं ओर एक गहरा गड्ढा भी खोदा गया है जो हादसों को दावत दे रहा है।
--------
केस-3
बस स्टैंड से रेन चौकी को जाने वाली सड़क लंबे समय से खस्ताहाल है। कई स्थानों पर तो गड्ढों में सड़क को तलाशना पड़ता है। अक्सर लोग गिरकर घायल भी हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार सड़क बनवाने की मांग की लेकिन उनकी मांग पर किसी ने गौर नहीं किया। मजेदार बात तो यह है कि इस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहे।
--------------
बार-बार मरम्मत करवा चुके हैं दो फीट नीचे पाइप भी डाला था वह भी भारी भरकम वाहनों की वजह से टूट गई है। नगर पंचायत को जानकारी देने के बाद भी सही नहीं कराई जा रही।
अमित पटेल, व्यापारी
मुख्य मार्ग पर अंडरग्राउंड पाइप लाइन टूटने से जहां पानी की बर्बादी हो रही है वहीं गड्ढे में पानी भरने से सड़क भी खराब हो रहीं। गड्ढे में आए दिन वाहन फंस रहे हैं किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
संजय वर्मा, पाली
दो सालों से सड़कों की स्थिति बदहाल है। गड्ढामुक्त अभियान भी कागजों पर ही चल जाता है। हकीकत देखने कोई नहीं आ रहा। लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा। भरत चौरसिया, पूर्व पार्षद पाली
सड़कों का बुरा हाल है। ऐसी शायद ही कोई सड़क बची हो जिस पर गड्ढे न हो। सासन के निर्देश है कि सड़कों पर गड्ढामुक्त अभियान चलाया जाए लेकिन अभियान में गुणवत्ता का बी ध्यान दिया जाए। विशाल साहू, व्यापारी।
बोले जिम्मेदार
शासन से बजट मिला है जल्द ही बस स्टैंड से रेन चौकी तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। मधुसूदन जायसवाल, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत पाली
बारिश की वजह से अधिकांश सड़कें खराब हुई हैं। बरसात समाप्त होते ही सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने का अभियान शुरू किया जाएगा। नगर की सड़क के संबंध में ईओ से बात की है वह जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा देंगे।
एसडीएम
पाली नेशनल हाईवे पर जाने वाले मार्ग का हाल- फोटो : LALITPUR