ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी रामभरोसे उर्फ पप्पू कुशवाहा (48) पुत्र ग्यासी का शव रेलवे मालगोदाम के पास गड्ढे में मिला। रामभरोसे बुधवार सुबह से लापता था और परिजनों ने बुधवार रात में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज भी कराई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि राम भरोसे बुधवार को सुबह पांच बजे पत्नी से मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकला था। जब वह शाम तक घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। जब रात दस बजे तक वह नहीं मिला, तो उसकी गुमशुदगी कोतवाली में दर्ज कराई। बृहस्पतिवार दोपहर रेलवे माल गोदाम के पास पानी से भरे गड्ढे में लोगों ने उसका शव देखा। घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, नई बस्ती पुलिस चौकी इंचार्ज, नेहरू नगर पुलिस चौकी इंचार्ज अतुल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतक भाई ने बताया कि उसका बड़ा भाई बुधवार सुबह पांच बजे मछली पकड़ने की बात कहकर घर से निकला था और वह तैरकर जाता था। परिजनों ने उसकी मौत पर शंका की जताई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक शराब का आदी था। मामले में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।