ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत देवगढ़ मार्ग स्थित एक होटल में तीन दिन पहले ठहरने आए एक सीआरपीएफ के जवान ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। जवान मध्य प्रदेश के भिंड का निवासी है।
मध्य प्रदेश के जिला भिंड के थाना फूप के ग्राम भीमपुरा निवासी अरविंद सिंह राठौर पुत्र जगदीश प्रसाद राठौर 13 जुलाई को ललितपुर के रेलवे स्टेशन के पास देवगढ़ मार्ग स्थित एक होटल में ठहरने आया था। बीते दो दिनों से उसका कमरा लगातार बंद होने के बाद शुक्रवार की शाम को होटल संचालक व कर्मचारियों ने किसी प्रकार कमरे में झांककर देखा तो वह युवक कमरे में रस्सी से फांसी के फंदे पर लटक रहा था।
जानकारी मिलने पर रात करीब आठ बजे कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और होटल के कमरे के दरवाजे तोड़कर अंदर जाकर देखा और शव को फंदे से उतारा। मृतक के पास आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई और उसके परिजनों को सूचना दी गई। वहीं मृतक के पास एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें उसने खुद को सीआरपीएफ का जवान बताया और उसकी मौत का जिम्मेदार किसी को न ठहराया जाए। वह अपनी मौत का जिम्मेदार खुद रहेगा।
उसकी मानसिक स्थिति 2020 से बिल्कुल ठीक नहीं है। आगे उसने यह भी लिखा है कि उसने पांच साल पहले लालच में आकर एक कंपनी में बारह लाख रुपये नकद लगाए थे और वह कंपनी डूब गई। जिस कारण उसकी सालाना स्थिति बिगड़ गई। जिस पर उसने कुछ रिश्तेदारों से रुपये उधार लिए हैं। उधर कोतवाली पुलिस ने उक्त मामले में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच में जुटी हुई है।
-------
मृतक भिंड का रहने वाला था और वह सीआरपीएफ में नौकरी करता था। उसके पास सुसाइड नोट मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
-जय प्रकाश चौबे, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली।