ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन स्थित एक असरदार संगठन के कार्यालय के पास बुधवार की देर रात को उपद्रव मचा रहे सपा नेता को भारी पड़ गया। सपा नेता के बटे और उसके साथियों द्वारा इस संगठन के कार्यकर्ताओं से अभद्रता करने पर विवाद बढ़ गया और मामला कोतवाली तक पहुंच गया। कोतवाली में भी पुलिस द्वारा सपा नेता का पक्ष लेने से मामला और भी तूल पकड़ गया तथा इस असरदार संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस मामले में कोतवाली में तैनात एक निरीक्षक को पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन स्थित एक असरदार संगठन के कार्यालय के पास बुधवार की रात में सपा नेता का भतीजा एवं उसके कुछ साथी मैदान में पार्टी मना रहे थे। तभी वहां से एक संगठन का कार्यकर्ता निकला और उसने उक्त लोगों को वहां पार्टी मनाने से मना किया, इस पर उक्त लोग हावी हो गए और गाली गलौज करने लगे, इस पर इस असरदार संगठन के कार्यालय में मौजूद अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और उन लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सपा नेता का भतीजा व उसके साथी सभी लोगों के साथ गाली गलौज कर अभद्रता करने लगे। इस पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस को फोन कर दिया, लेकिन तब तक वह लोग वहां से भाग निकले। बाद में मामला कोतवाली पहुंच गया और पुलिस ने सपा नेता के भतीजे को कोतवाली में बैठा लिया। इसी बीच इस असरदार संगठन के कुछ कार्यकर्ता भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने के लिए कोतवाली पहुंच गए, जहां सपा नेता की गाड़ी अंदर रखी थी, लेकिन जैसे ही संगठन के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे तो कोतवाली में तैनात एक निरीक्षक द्वारा नाराजगी जताते हुए उनके वाहन बाहर करवा दिए और खराब बर्ताव किए जाने पर कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में ही बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। यह देख कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और सीओ सिटी भी वहां पहुंच गए, लेकिन सपा नेता पर कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे यहां देर रात तक गरमागरमी का माहौल रहा। हालांकि, बाद में अगले दिन बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस ने हर्ष यादव का शांति भंग की धारा में चालान की कार्रवाई कर दी। वहीं मामला तूल पकड़ता देख पुलिस अधीक्षक द्वारा कोतवाली में तैनात निरीक्षक तिलकधारी को लाइन हाजिर कर दिया।
------
पढ़ने वाले बच्चे हैं, गाली गलौज हो गई थी, अब मामला समाप्त हो गया है।
-तिलक यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष, सपा।