बानपुर थानांतर्गत छिल्ला गांव में बस से कुचलकर युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को रोड पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
छिल्ला गांव निवासी नंदराम (36) पुत्र रामकंकन लोधी शुक्रवार को गांव निवासी मनोहर पुत्र लक्खी के साथ बानपुर कस्बे में सामान खरीदने आया हुआ था। शाम को जब वह सामान लेकर वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान गांव के पास शाम लगभग छह बजे धौरा देवी मंदिर के पास ललितपुर की ओर से आ रही बस ने बाइक में टक्कर मार दी और नंदराम को कुचलते हुए बस निकल गई। दुर्घटना में नंदराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोहर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बानपुर-ललितपुर मार्ग पर पत्थर व शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर सीओ सिटी हिमांशु गौरव, थानाध्यक्ष देवेश उपाध्याय और महरौनी तहसीलदार मौके पर जा पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से बस चालक पर मुकदमा और आर्थिक सहायता की मांग की। लगभग एक घंटे बाद आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पिता की इकलौता पुत्र था। उसके दो पुत्र, एक पुत्री और दो बहनें हैं। वहीं पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर फतेह सिंह बस के चालक के खिलाफ तेजी व लापरवाही से बस चलाकर टक्कर मारने समेत दुर्घटना में मौत होने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।