जाखलौन थानांतर्गत धौर्रा चौकी पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर अमऊखेड़ा रेलवे क्रांसिग के पास से बाइक से खदानों में ब्लास्टिंग के लिए ले जा रहे विस्फोटक को बरामद कर लिया। पुलिस को आता देख आरोपी बाइक व 49 डायनामाईट एवं 50 डेटोनेटर छोड़ कर भागने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि चौकी धौर्रा क्षेत्र में पत्थरों की अत्यधिक खदानें होने के कारण पत्थर व्यापारी गुपचुप तरीके से मध्यप्रदेश व जनपद में कुछ स्थानों से अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री को खरीद कर खदानों में ब्लास्ट कर पत्थर निकालने का काम करते चले आ रहे हैं।
पिछले साल भी धौर्रा चौकी क्षेत्र में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद भी पुलिस विस्फोटक सामग्री विक्रेता तक नहीं पहुंच पाई। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली का अंदाजा लगाया जा सकता है। सोमवार धौर्रा चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार द्विवेदी ने मुखबिर की सूचना पर अमऊखेड़ा रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी कर बाइक क्रंमाक यूपी 94 क्यू 6408 को पकड़ लिया। पुलिस को आता देख बाइक सवार दो आरोपी बोरी फेंक कर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। बोरी से 49 डायना माइट के सेल और 50 डेटोनेटर बरामद होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अब देखना यह है कि पुलिस क्या इस बार आरोपियों व विक्रेता के पास पहुंच पाती है या नहीं।