जोया के मोहल्ला जामा मस्जिद में युवक की हत्या के बाद मौके पर जांच पड़ताल करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जोया के मोहल्ला जामा मस्जिद में सोमवार को मजदूरी के पैसे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मां और आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया है।
कमला देवी पत्नी स्व. छत्रपाल निवासी मोहल्ला भदौरा चामुंडा मदिर के पास थाना कटघर मुरादाबाद पांच साल से बेटे मनोज (22), राहुल (19), शिवम (17), आकाश (15) बेटी सुधा के साथ जोया के मोहल्ला जामा मस्जिद में अनीस के मकान में किराए पर रह रही हैं। जबकि दो बेटे सुभाष और संजय मुरादाबाद में रहते हैं। वहीं, जोया में चारों भाई पल्लेदारी करते हैं। राहुल मजदूरी के पैसे को परिवार में नहीं देता था। इसी बात को लेकर सोमवार सुबह मनोज और राहुल में बहस हो गई। दोनों में गाली गलौच और मारपीट होने लगी। इसी दौरान गुस्साए छोटे भाई राहुल ने घर में रखा चाकू उठाकर बड़े भाई की गर्दन में घोंप दी। लहूलुहान मनोज जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। बाद में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी राहुल और उसकी मां को पुलिस थाने ले आई, जहां मां की तहरीर पर आरोपी राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया भाइयों में मजदूरी के पैसे लेकर विवाद हुआ था। आरोपी को हिरासत ले लिया गया है। मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है।