ललितपुर। चोरी की आधा दर्जन घटनाओं के खुलासे में नाकाम तालबेहट कोतवाल को पुलिस अधीक्षक ने एक सप्ताह में घटनाओं के खुलासे के निर्देश दिए हैं। अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कोतवाली तालबेहट क्षेत्र में चोरों ने गहरी पैठ बना ली है। तीन महीने के अंतराल में आधा दर्जन वारदातों को अंजाम देकर चोर छह लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर चुके हैं। घटनाओं के खुलासों के संबंध में आला अफसरों के तमाम दिशा-निर्देशों के बाद भी तालबेहट पुलिस एक भी वारदात का अनावरण नहीं कर पाई है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने प्रभारी निरीक्षक तालबेहट शशिकांत दीक्षित को पत्र लिखकर पांच अप्रैल से लेकर नौ जुलाई तक घटित चोरी की घटनाओं का एक सप्ताह में खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि चोरी की घटनाओं में किसी भी स्तर पर उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मालूम हो कि चार अप्रैल को बस स्टैंड स्थित दुकान से मशीन के पार्ट्स चोरी हुए थे। नौ जुलाई को वनाधिकारी के सूने मकान में चोरी हुई थी। इसी तरह, 19 जून को सरफयाना निवासी तीन लोगों के घर में जेवरात और नकदी की चोरी। 29 मई को लिपिक के मकान में कीमती सामान की चोरी और 26 अप्रैल को सरफयाना निवासी ग्रामीण के यहां लाखों की चोरी गई थी। तालबेहट पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।