इस दौरान व्यापारियों आदि ने अफसरों को घेर लिया। तनाव बढ़ता देख कर कुरैैशी व्यापारी समूह को बड़े-बुजर्गों द्वारा समझाया गया।
शहर में संचालित हो रही बिल्डिंग मैटेरियल की टालों पर डीएम डा.रुपेश कुमार के निर्देेशन में सोमवार की शाम सदर उपजिलाधिकारी रमेशचंद्र तिवारी के नेतृत्व में खनिज अधिकारी सनी कौशल व कोतवाली उपनिरीक्षक निगवेंद्र की मौजूदगी में छापामार अभियान चलाया गया। जिन टालों पर बालू व अन्य सामान अवैध तरीके से रखा हुआ था उन्हेें जब्त कर लिया गया।
मन्नू पेट्रोल पंप के पास, इलाइट और ब्याने नाला के पास संचालित टालों पर छापामार कार्रवाई करते हुए अमला झांसीपुरा में देशी शराब के कलारी के पीछे मवेशी नीलामी बाजार के पास पहुंचा। वहां दो ट्रक खड़े थे। इन्हें देखकर अधिकारी वहां रुक गए। ट्रक में भैंसों को लादा जा रहा था। अधिकारियों व पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद व्यापारी मौके से भाग गए, लेकिन एक ट्रक का क्लीनर व एक व्यापारी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
अधिकारीगण जब व्यापारी से पूछताछ कर रहे थे तो वह अधिकारियों से बहस करने लगा, जिस पर पुलिस कर्मी ने उसको तमाचा जड़ दिया। इसके बाद व्यापारी ने अपनी अन्य साथियों को बुला लिया और सभी ने अधिकारियों व पुलिस टीम को घेर लिया। देखते ही देखते वहां पर पुलिस बल व अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। कुरैशी समाज के गणमान्य नागरिक व राजनीतिक दल के लोग भी वहां पहुंच गए।
इस दौरान व्यापारियों ने अधिकारियों पर दो लाख रुपए मांगने का आरोप भी लगाया, लेकिन समाज के बड़े-बुजुर्गों द्वारा विरोध कर रहे व्यापारियों को शांत कर दिया गया। बाद में अधिकारियों ने भैंसों से संबंधित कागजात जांचे। कागजात सही पाए जाने पर पकड़े गए व्यापारी व क्लीनर को छोड़ दिया गया।