धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने की रिपोर्ट दर्ज
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत एक मुहल्ला निवासी के साथ धोखाधड़ी करते हुए एक लाख रुपये हड़पने और वापस मांगने पर मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर क्षेत्र के घुसयाना मुहल्ला निवासी निखिल बाल्मीकि पुत्र सुरेश ने न्यायालय में शिकायती पत्र देकर बताया कि पिछले साल 23 अगस्त की शाम उसके पास मुहल्ला पिसनारी बाग निवासी ओमप्रकाश व उसका पुत्र विमल झा के साथ नदनवारा गांव निवासी मनोज पुत्र भईयालाल व उसका पुत्र रामेश्वर आये और एक लाख रुपये उधार मांगे। जब रुपये देने से मना किया तो आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री करने का झांसा देकर उससे एक लाख रुपये ले लिए। 20 मार्च को जब पीड़ित रुपये मांगने पहुंचा तो आरोपियों ने टालना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक दिन जब वह घर पर ही था इसी दौरान आरोपी आ गए और रुपये हड़प लेने की बात करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित की लात-घूंसों से पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।