सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना
ललितपुर। थाना बार के ग्राम गदयाना में सोमवार की रात को एक सूने घर के दरवाजे के ताले चटकाकर हजारों की चोरी कर ली। जबकि गांव में अन्य मुहल्लेवासियों के घरों की बाहर से कुंडी लगा दी।
ग्राम गदयाना निवासी संजय भार्गव ने बताया कि वह सोमवार को अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी कर ली। सुबह जब यहां से निकलने वाले लोगों ने उनके घर का ताला टूटा देखा और उनके आसपास के घरों के दरवाजों की सांकल, कुंडी भी लगी हुई थी। जिस पर इसकी सूचना ग्रामीणों ने संजय के भाई को दी। जिस पर उन्होंने आकर देखा तो मकान में ही खुली दुकान की गुल्लक से लगभग सात हजार रुपये गायब थे। जबकि दूसरी जगह रखे तीन हजार रुपये भी नहीं मिले। किचिन का ताला भी टूटा पड़ा था। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दे दी है और पुलिस मामले में जांच करने में जुट गई है।